केरल से रफ्तार पकड़ रहा मानसून, दिल्ली-NCR और UP में कब देगा दस्तक? IMD का ताजा पूर्वानुमान, गर्मी से जल्द राहत

भीषण गर्मी के बीच IMD ने मानसून को लेकर नया अपडेट जारी किया है। विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में 20 से 25 जून और दिल्ली-एनसीआर में 25 से 30 जून के बीच मानसून के पहुंचने की संभावना है।

Monsoon 2026 Update: उत्तर भारत सहित देश के कई हिस्से इस समय प्रचंड गर्मी की चपेट में हैं और तापमान 45 डिग्री तक चढ़ चुका है। ऐसे में हर कोई मानसून की राह देख रहा है। केरल में मानसून दस्तक दे चुका है और अब यह तेजी से आगे के राज्यों की ओर कदम बढ़ा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इसी सिलसिले में नया पूर्वानुमान साझा किया है। विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में 25 से 30 जून के बीच मानसून के पहुंचने की उम्मीद है, जबकि उत्तर प्रदेश में यह 20 से 25 जून के बीच पहुंच सकता है।

नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद में होगी झमाझम बारिश

मानसून के सक्रिय होने के बाद ही दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के लोगों को तपती गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। आईएमडी का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के असर से नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद समेत आसपास के एनसीआर शहरों में 25 से 30 जून के बीच बारिश होने का अनुमान है।

हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में पहुंचेगा मानसून

पूर्वानुमान के मुताबिक मानसून उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के कुछ इलाकों तक पहुंचेगा। वहीं हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी दिल्ली-एनसीआर के साथ ही आंशिक रूप से बारिश दर्ज की जा सकती है।

पिछली बार 29 जून को दिल्ली पहुंचा था मानसून

बीते साल दक्षिण-पश्चिम मानसून 29 जून को दिल्ली पहुंचा था, जो 1961-2019 के औसत के आधार पर तय सामान्य तारीख 27 जून से दो दिन पीछे था। हालांकि इस बार दिल्ली-एनसीआर में मानसून के समय पर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

केरल से होते हुए गोवा और महाराष्ट्र पहुंचा मानसून

इस वर्ष केरल में मानसून 4 जून को पहुंचा, जो इसकी सामान्य शुरुआती तारीख 1 जून से तीन दिन देर से और आईएमडी के 26 मई के पूर्व अनुमान से करीब एक सप्ताह पीछे था। इसके बावजूद इसने तेजी दिखाई और 5 जून तक पश्चिमी तट के बड़े हिस्से को गोवा तक अपनी चपेट में ले लिया, इसके बाद 6 जून को इसने महाराष्ट्र में प्रवेश कर लिया।

https://www.indiatv.in/india/national/monsoon-update-2026-delhi-ncr-and-up-weather-forecast-heavy-rainfall-aaj-ka-mausam-imd-alert-2026-06-07-1223494