भोजपुरी इंडस्ट्री में मचा है घमासान
भोजपुरी रियल्टी शो भोजपुरी बवाल के प्रीमियर के बाद से ही भोजपुरी फिल्म जगत दो खेमों में बंटा हुआ नजर आ रहा है। यह शो लगातार चर्चाओं में है और हर दिन नए खुलासे सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में पाखी हेगड़े ने भी हाल ही में खुलासा किया था कि निरहुआ ने उन्हें विवाह का प्रस्ताव दिया था, जिससे आम्रपाली दुबे को काफी हैरानी हुई थी। इस शो की गहमागहमी के बीच काजल राघवानी ने भी अपने फिल्मी करियर के सबसे विवादित पन्नों को पलटा है। लंबे समय से यह चर्चा का विषय रहा है कि काजल राघवानी के साथ खेसारी लाल यादव ने मारपीट और दुर्व्यवहार किया था, लेकिन अभिनेत्री ने अब इन अफवाहों पर पूरी तरह से विराम लगा दिया है।
काजल ने किया सच का सामना
शो के हालिया प्रोमो में काजल राघवानी काफी गंभीर नजर आईं। जब शो के होस्ट शुभांकर मिश्रा ने उनसे सीधे तौर पर मारपीट और खेसारी लाल यादव का नाम लेकर सवाल किया, तो स्थिति स्पष्ट हो गई। शुभांकर ने कहा कि 99 प्रतिशत लोगों के जेहन में यही बात बैठी है कि खेसारी लाल यादव ने काजल के साथ मारपीट की थी। इस पर काजल ने बिना किसी झिझक के जवाब दिया कि खेसारी जी ने उन्हें कभी नहीं मारा। जब होस्ट ने पूछा कि आखिर वह व्यक्ति कौन है, तो काजल ने संकेत दिया कि उनमें अब अपने हक के लिए लड़ने की हिम्मत आ गई है और वे उस शख्स का नाम भी जरूर उजागर करेंगी।
गायब करने की मिल रही है धमकी
काजल राघवानी ने अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि वे किसी मजबूरी के चलते अब तक चुप थीं। उन्होंने खुलासा किया कि उन्हें उस व्यक्ति की ओर से जान से मारने और शहर से गायब कर देने की धमकी मिली है। काजल ने कहा कि उन्हें अपने परिवार की सुरक्षा की फिक्र है, इसलिए वे नाम लेने से डरती हैं। उन्होंने इस पूरे विवाद में पवन सिंह और खेसारी लाल यादव दोनों का नाम स्पष्ट रूप से हटा दिया है। काजल के अनुसार, उन्हें मुंबई से हटाने की धमकियां दी गई हैं, जो उनके मानसिक तनाव का प्रमुख कारण हैं।
विवाद की जड़ और पुरानी कड़वाहट
काजल राघवानी और खेसारी लाल यादव के बीच मनमुटाव की शुरुआत 2021 में हुई थी। एक फिल्म इवेंट के दौरान खेसारी लाल ने सार्वजनिक रूप से घोषणा कर दी थी कि अब वे काजल राघवानी के साथ किसी भी प्रोजेक्ट में काम नहीं करेंगे। जवाब में काजल ने यह बयान दिया था कि उनके करियर की सफलता में पवन सिंह का योगदान रहा है, न कि खेसारी लाल यादव का। उन्होंने जोर देकर कहा था कि वे अपनी प्रसिद्धी का श्रेय पवन सिंह के गानों को देती हैं। इस घटना के बाद से ही दोनों कलाकारों के बीच दूरियां बढ़ती गईं। सोशल मीडिया पर यूजर्स लगातार इस मारपीट के मामले को खेसारी लाल यादव से जोड़कर देख रहे थे, लेकिन काजल की इस ताजा प्रतिक्रिया ने उन सभी कयासों को खारिज कर दिया है। अब देखना यह है कि काजल अपने साथ मारपीट करने वाले उस अज्ञात व्यक्ति का नाम कब और कैसे सामने लाती हैं।
https://www.indiatv.in/entertainment/bhojpuri/khesari-lal-yadav-didnt-hit-me-says-kajal-raghwani-reacts-to-assault-claims-i-will-name-person-who-actually-did-it-2026-08-29-1240059