घर में घुसकर दिया वारदात को अंजाम
राजस्थान के राजसमंद जिले के कुंवारियां थाना इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां खंडेल की छूर बस्ती में देर रात करीब डेढ़ बजे दो नकाबपोश बदमाशों ने एक 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला को अपना निशाना बनाया। घर में दाखिल होने के बाद बदमाशों ने बिना किसी डर के वृद्ध महिला पर हमला कर दिया।
गहने छीनते ही महिला हुई लहूलुहान
बदमाशों ने महिला के गले से सोने की रामनवमी और मादलिया के साथ ही उनके कानों से टॉप्स जबरन खींच लिए। गहने खींचने की इस बर्बरता के दौरान महिला के कान में गंभीर चोट लग गई, जिससे वह खून से लथपथ हो गईं। महिला की चीख-पुकार सुनकर घर के अन्य सदस्य जो सो रहे थे, वे तुरंत जाग गए। परिजनों के जागते ही दोनों बदमाश मकान के पीछे के रास्ते से मौके से फरार होने में सफल रहे।
पुलिस कर रही है तलाश
इस घटना के बाद से ही परिवार में हड़कंप मचा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही कुंवारियां थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मामले की बारीकी से जांच की। पुलिस ने इलाके में सक्रिय बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। रात के अंधेरे में बुजुर्ग महिला को निशाना बनाए जाने की इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
https://hindi.news18.com/news/crime/rajsamand-90-year-old-woman-loot-mask-men-kunwariya-khandel-chur-basti-10825027.html