कूड़ासन में निर्माणाधीन इमारत का ढहा हिस्सा
गांधीनगर के कूड़ासन इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत के अचानक ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान एक क्रेन के गिरने से यह पूरी घटना हुई, जिसके बाद इमारत का एक बड़ा हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया। इस हादसे में मौके पर काम कर रहे कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए। राहत और बचाव दल की मदद से अब तक 12 मजदूरों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। इन मजदूरों को हल्की चोटें आई हैं और उन्हें इलाज के लिए तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, अभी भी करीब 10 से 15 मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका बनी हुई है, जिन्हें बचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
इमारत के गिरने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और फायर डिपार्टमेंट की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं और युद्धस्तर पर बचाव कार्य शुरू कर दिया। गांधीनगर के फायर ऑफिसर राजेश पटेल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां और बचाव दल मौके पर तैनात कर दिए गए थे। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी तेजी से चल रहा है ताकि मलबे में दबे अन्य लोगों को सुरक्षित निकाला जा सके। इस गंभीर घटना की सूचना मिलने के बाद उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
दिल्ली हादसे की यादें ताजा
देश की राजधानी दिल्ली में रविवार दोपहर को हुई इमारत गिरने की घटना के बाद गांधीनगर का यह हादसा काफी चिंताजनक है। दिल्ली में पांच मंजिला इमारत के ढहने से सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जहां जर्जर ढांचे के बावजूद पीजी चलाया जा रहा था। पुलिस की जांच में यह खुलासा हुआ था कि इमारत की भार वहन करने की क्षमता से अधिक, यानी चार अतिरिक्त मंजिलें खड़ी कर दी गई थीं और हादसे के वक्त भी वहां निर्माण कार्य चल रहा था। गांधीनगर के कूड़ासन में हुई इस घटना के बाद सुरक्षा मानकों को लेकर अब सवाल उठाए जा रहे हैं। बचाव कार्य अभी भी जारी है और मलबे को हटाने का काम प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है ताकि किसी भी तरह की और क्षति न हो।
https://www.indiatv.in/gujarat/gandhinagar-under-construction-building-crane-collapses-10-workers-feared-trapped-2026-09-09-1242306