घरेलू रसोई गैस फिर महंगी, 14.2 किलोग्राम सिलेंडर पर ₹29 की बढ़ोतरी

देश में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम एक बार फिर बढ़े हैं। 14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये का इजाफा हुआ है और नया रेट 7 जून से लागू होगा।

देश में घरेलू गैस सिलेंडर इस्तेमाल करने वालों को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। 14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में 14.2 kg वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर का दाम अब 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये पर पहुंच गया है। यह नई दर 7 जून से प्रभावी होगी। खास बात यह है कि पिछले तीन महीनों में यह दूसरा मौका है जब घरेलू सिलेंडर महंगा हुआ है।

वैश्विक बाजार का दबाव

अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार में लगातार तेजी के चलते सरकारी ईंधन खुदरा विक्रेताओं के सामने मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। इसी का असर रहा कि एलपीजी के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल जैसे दूसरे ईंधनों के भी दाम चढ़े हैं। सीएनजी की कीमत में भी इजाफा देखने को मिला है।

पश्चिम एशिया के संघर्ष का असर

पश्चिम एशिया में जारी टकराव के कारण दुनियाभर में ऊर्जा की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे लगभग हर देश में ईंधन के दाम ऊपर गए हैं। सबसे ज्यादा मार उन देशों पर पड़ी है जहां स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज के रास्ते तेल और गैस की आपूर्ति होती थी। भारत और उसके पड़ोसी मुल्क इससे गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं।

सूत्रों की मानें तो हालात ऐसे थे कि सरकारी तेल कंपनियों को हर सिलेंडर बेचने पर करीब 703 रुपये का घाटा उठाना पड़ रहा था। यही वजह रही कि कीमतों में संशोधन करना पड़ा।

मार्च में 60 रुपये बढ़े थे दाम

इससे पहले अंतरराष्ट्रीय ईंधन कीमतों में उछाल के बाद सात मार्च को एलपीजी सिलेंडर महंगा हुआ था, जब प्रति सिलेंडर 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। इसके तीन महीने बाद अब फिर से 29 रुपये का इजाफा हुआ है। इस तरह बीते तीन महीनों में 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू गैस सिलेंडर कुल मिलाकर 89 रुपये महंगा हो चुका है।

https://www.indiatv.in/india/national/lpg-cylinder-prices-hiked-14-2-kg-cylinder-now-costing-rs-942-in-delhi-2026-06-07-1223482