महंगाई की मार झेल रहे आम उपभोक्ताओं को एक बार फिर झटका लगा है। आज से घरेलू रसोई गैस यानी एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये का इजाफा कर दिया गया है। इस बढ़ोतरी के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये पर पहुंच गई है।
बीते तीन महीनों में यह दूसरा मौका है जब एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़े हैं। इससे पहले 7 मार्च को सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की वृद्धि की गई थी। उस वक्त पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और वैश्विक ऊर्जा बाजार में मची उथल-पुथल की वजह से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईंधन की कीमतों में तेजी आई थी।
हर सिलेंडर पर 703 रुपये का घाटा
तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की लागत बढ़ने के चलते उन पर वित्तीय दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। उद्योग से जुड़े अनुमानों के मुताबिक, ताजा बढ़ोतरी से पहले कंपनियों को घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बिक्री पर प्रति सिलेंडर करीब 703 रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा था।
हालांकि 29 रुपये की नई बढ़ोतरी के बावजूद कंपनियों की लागत और बिक्री मूल्य के बीच का फासला पूरी तरह नहीं भरेगा। ऐसे में आने वाले दिनों में कीमतों को लेकर और भी फैसले लिए जा सकते हैं।
पेट्रोल, डीजल और सीएनजी भी हुए महंगे
सिर्फ रसोई गैस ही नहीं, बीते कुछ हफ्तों में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दामों में भी लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली है। मई के मध्य से अब तक पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कुल मिलाकर करीब 7.50 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हो चुका है। वहीं सीएनजी के दाम भी लगभग 6 रुपये प्रति किलोग्राम तक चढ़ चुके हैं।
दाम बढ़ने के बावजूद पेट्रोल और डीजल की बिक्री पर भी तेल कंपनियां पूरी लागत नहीं वसूल पा रही हैं। अनुमान है कि कंपनियों को पेट्रोल पर करीब 11 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर लगभग 33.6 रुपये प्रति लीटर तक का घाटा उठाना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं पर बढ़ता दबाव
सरकार ने अब तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई तेजी का पूरा बोझ उपभोक्ताओं पर नहीं डाला है। लेकिन पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक ऊर्जा बाजारों में बनी अनिश्चितता के कारण घरेलू ईंधन कीमतों पर दबाव लगातार बढ़ रहा है। यही वजह है कि घरेलू उपभोक्ताओं को बार-बार महंगे गैस सिलेंडर का सामना करना पड़ रहा है।
https://hindi.news18.com/news/business/latest-lpg-price-hikes-again-now-you-have-to-pay-942-rs-for-cooking-gas-cylinders-second-increase-in-three-months-10546605.html