अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य तनाव बढ़ा
अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष एक बार फिर बेहद गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। अमेरिका द्वारा तीन ईरानी तेल टैंकरों को निशाना बनाने और उसका वीडियो सार्वजनिक करने के बाद, ईरान ने अब आक्रामक रुख अपनाते हुए अमेरिकी नौसेना के एयरक्राफ्ट कैरियर और एक डिस्ट्रॉयर पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया है। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की एयरोस्पेस फोर्स ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है। ईरान का आरोप है कि अमेरिकी युद्धपोत लगातार ईरानी जहाजों को परेशान कर रहे थे और देश के खिलाफ नौसैनिक घेराबंदी का हिस्सा बने हुए थे।
ईरान का जवाबी हमला
ईरान के सरकारी प्रसारक इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग (IRIB) की रिपोर्ट के अनुसार, IRGC ने स्पष्ट किया है कि यह मिसाइल हमला अमेरिकी सेना की आक्रामक कार्रवाइयों का सीधा परिणाम है। बयान में कठोर शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा गया कि इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स की एयरोस्पेस फोर्स ने बच्चों की हत्या करने वाली अमेरिकी सेना के एयरक्राफ्ट कैरियर और डिस्ट्रॉयर को निशाना बनाकर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। ईरान का दावा है कि उनके इस सटीक हमले के बाद नुकसान के डर से अमेरिकी जहाज युद्ध क्षेत्र से पीछे हटने पर मजबूर हो गए।
तेल टैंकरों पर हमले से शुरू हुआ विवाद
यह सैन्य तनाव उस समय चरम पर पहुंच गया जब ईरानी तेल टैंकरों पर हुए अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने भी अमेरिका से जुड़े जहाजों के खिलाफ जवाबी कदम उठाए। IRGC की नौसेना ने बताया कि उन्होंने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अनधिकृत तरीके से आवाजाही कर रहे तीन तेल टैंकरों समेत अमेरिका से जुड़े कुल तीन जहाजों को निशाना बनाया है। ईरानी नौसेना के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई अमेरिका द्वारा किए गए उन हमलों का जवाब है जिसमें उनके तीन टैंकरों को क्षतिग्रस्त किया गया था।
ईरान की ओर से चेतावनी
IRIB की रिपोर्ट के माध्यम से IRGC की नौसेना ने अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए अमेरिका को आक्रामक करार दिया है। बयान में आरोप लगाया गया कि आज सुबह अमेरिकी सेना ने बेहद क्रूरता दिखाते हुए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद करने की हताशा में ईरानी टैंकरों पर हमला किया। इस घटना के बाद ईरानी सेना ने इस क्षेत्र में चलने वाले अन्य जहाजों के लिए भी एक चेतावनी जारी की है। ईरान ने स्पष्ट कहा है कि जो जलमार्ग उसने अनधिकृत घोषित किए हैं, उनका इस्तेमाल करने वाले जहाजों को परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। इस घटनाक्रम ने खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर अंतरराष्ट्रीय चिंताएं बढ़ा दी हैं।
https://www.indiatv.in/world/asia/irgc-fired-several-ballistic-missiles-at-us-aircraft-carrier-and-destroyer-2026-09-06-1241548