रियल एस्टेट बाजार में हैदराबाद का दबदबा
भारतीय रियल एस्टेट सेक्टर में एक बड़ा और ऐतिहासिक उलटफेर सामने आया है। पिछले पांच वर्षों के दौरान, यानी 2021 से 2025 तक, आवासीय संपत्तियों की कुल बिक्री के मामले में हैदराबाद ने देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को पीछे छोड़ दिया है। इस बड़ी उपलब्धि के बाद हैदराबाद अब देश का सबसे कीमती और पसंदीदा हाउसिंग मार्केट बन गया है। रियल एस्टेट डेटा एनालिटिक्स फर्म CRE Matrix की रिपोर्ट के मुताबिक, इस पांच साल की अवधि में हैदराबाद में कुल 4,77,977 करोड़ रुपये मूल्य के घरों की बिक्री दर्ज की गई है। वहीं, इस दौड़ में मुंबई 4,51,811 करोड़ रुपये की बिक्री के साथ दूसरे स्थान पर रहा है।
शीर्ष पांच रियल एस्टेट बाजारों की सूची
बिक्री मूल्य के आंकड़ों के आधार पर, देश के सबसे बड़े रियल एस्टेट बाजारों की स्थिति इस प्रकार है:
- हैदराबाद: 4.77 लाख करोड़ रुपये
- मुंबई: 4.52 लाख करोड़ रुपये
- बेंगलुरु: 3.92 लाख करोड़ रुपये
- गुरुग्राम: 3.31 लाख करोड़ रुपये
- अहमदाबाद: 2.92 लाख करोड़ रुपये
रियल एस्टेट विशेषज्ञ डॉ. एहसान खान का कहना है कि दक्षिण भारत का यह प्रमुख आईटी हब अब देश के रियल एस्टेट परिदृश्य को नई दिशा दे रहा है और शीर्ष बाजारों में सबसे आगे निकल चुका है।
क्यों खास बन गया है हैदराबाद का बाजार
हैदराबाद की इस शानदार सफलता के पीछे कई महत्वपूर्ण कारण हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, शहर में प्रीमियम और लग्जरी घरों की मांग में अभूतपूर्व वृद्धि देखी गई है। विशेष रूप से शहर के वेस्टर्न कॉरिडोर, जैसे गाचीबोवली, हाईटेक सिटी, कोकापेट, मणिकोंडा और नल्लागंडला जैसे इलाकों में बहुराष्ट्रीय कंपनियों और आईटी हब्स के तेजी से विस्तार ने बाजार को नई ऊंचाई दी है।
इन क्षेत्रों में ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स की बढ़ती संख्या के कारण उच्च आय वर्ग के खरीदारों की तादाद में भारी उछाल आया है। इसके अलावा, बड़े आकार के फ्लैट्स, आधुनिक गेटेड कम्युनिटीज और विला प्रोजेक्ट्स की बढ़ती मांग ने कुल बिक्री मूल्य में जबरदस्त योगदान दिया है। हैदराबाद में आउटर रिंग रोड और शहर के बेहतरीन कनेक्टिविटी इंफ्रास्ट्रक्चर ने रियल एस्टेट विकास को पंख लगाने का काम किया है। विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा और प्रीमियम लाइफस्टाइल की उपलब्धता के कारण हैदराबाद अब देश भर के निवेशकों और घर खरीदारों की पहली पसंद बन गया है।
https://hindi.news18.com/news/nation/hyderabad-no-1-real-estate-market-beats-mumbai-housing-sales-local18-10805759.html