अंडर-18 हॉकी एशिया कप: भारत ने जापान को फाइनल में हराकर तीसरी बार जीता गोल्ड, पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम ने जापान के काकामीगाहारा में मेजबान जापान को फाइनल में 4-1 से हराकर तीसरी बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। इस जीत में आशीष तानी पूर्ति ने तीन गोल दागे, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम को बधाई दी।

जापान में आयोजित एशिया कप अंडर-18 टूर्नामेंट में भारतीय युवा हॉकी टीम ने दमदार खेल दिखाते हुए खिताब पर कब्जा जमाया। काकामीगाहारा में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने मेजबान जापान को 4-1 के अंतर से शिकस्त देकर तीसरी बार गोल्ड मेडल जीता। इस अहम मुकाबले में एक बार फिर आशीष तानी पूर्ति का जलवा देखने को मिला, जिन्होंने अकेले तीन गोल दागकर टीम की जीत की नींव रखी। टीम की इस शानदार उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर खुशी जताई और खिलाड़ियों को बधाई दी।

दूसरे ही मिनट में मिली बढ़त, अंत तक कायम रही पकड़

फाइनल में भारतीय टीम ने पहले क्वार्टर से ही जापान पर लगातार दबाव बनाए रखा। मुकाबले के दूसरे ही मिनट में आशीष तानी ने गोल कर टीम इंडिया को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद उन्होंने 28वें और 34वें मिनट में दो और गोल कर मैच में अपने गोलों की संख्या तीन तक पहुंचा दी। भारत की ओर से एक गोल कप्तान केतन कुशवाहा ने भी किया, जो खेल के 30वें मिनट में आया। टीम की इस जीत पर हॉकी इंडिया ने प्रत्येक खिलाड़ी को तीन लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 1.5 लाख रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की है।

पीएम मोदी ने पोस्ट कर दी बधाई

एशिया कप अंडर-18 का खिताब जीतने वाली भारतीय पुरुष टीम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर बधाई संदेश भेजा। उन्होंने लिखा कि मेन्स का U18 एशिया कप 2026 जीतने पर भारतीय पुरुष U18 हॉकी टीम को बधाई। पूरे टूर्नामेंट में टीम ने बेहतरीन टीम वर्क के साथ शानदार खेल दिखाया और फाइनल में यादगार जीत दर्ज की। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह सफलता हमारे युवाओं के बीच हॉकी की बढ़ती लोकप्रियता को भी दर्शाती है और उन्होंने टीम को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

महिला टीम ने भी जीता कांस्य पदक

पुरुष टीम के साथ-साथ भारतीय महिला अंडर-18 हॉकी टीम भी इस टूर्नामेंट में पदक जीतने में सफल रही और तीसरे स्थान पर रही। कांस्य पदक के मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने साउथ कोरिया को 3-0 के अंतर से हराया। हॉकी इंडिया ने महिला खिलाड़ियों के लिए भी पुरस्कार राशि की घोषणा करते हुए प्रत्येक खिलाड़ी को 1 लाख रुपये और सहायक स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 50,000 रुपये देने का ऐलान किया है।

https://www.indiatv.in/sports/other-sports/indian-mens-hockey-team-won-gold-medal-u-18-asia-cup-beats-japan-in-final-pm-narendra-modi-congratulate-2026-06-06-1223446