मुल्लांपुर के मैदान पर भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली जा रही एक मैच की टेस्ट सीरीज का पहला दिन पूरी तरह मेजबान टीम के नाम रहा। यह मुकाबला वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के चौथे संस्करण का हिस्सा नहीं है। कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी और इस फैसले को केएल राहुल तथा गिल के बल्ले ने पूरी तरह सही साबित किया। दिन का खेल समाप्त होने तक भारतीय टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर 368 रन बना लिए थे। यह आंकड़ा भारत में टेस्ट क्रिकेट के पहले दिन किसी पारी में बना चौथा सबसे बड़ा स्कोर है। इसी दौरान राहुल ने टेस्ट शतकों के मामले में पूर्व कप्तान रोहित शर्मा की बराबरी कर ली।
राहुल का टेस्ट करियर का 12वां शतक
बीते कुछ वर्षों में बतौर सलामी बल्लेबाज केएल राहुल का टेस्ट प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा है। अफगानिस्तान के खिलाफ इस मुकाबले में जब उन्होंने तीन अंकों का आंकड़ा छुआ तो यह उनके करियर का 12वां शतक बन गया। इसके साथ ही राहुल ने टेस्ट शतक लगाने के मामले में रोहित शर्मा को जा पकड़ा, जिनके नाम भी टेस्ट क्रिकेट में 12 शतकीय पारियां दर्ज हैं।
दिलचस्प बात यह रही कि राहुल टेस्ट में ठीक 100 के निजी स्कोर पर तीसरी बार आउट हुए हैं। इस मामले में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व खिलाड़ी ग्रेमी वुड की बराबरी कर ली, जो भी तीन मौकों पर 100 रन बनाकर पवेलियन लौटे थे। इस सूची में शीर्ष पर इंग्लैंड के दिग्गज लेन ह्यूटन हैं, जो चार बार टेस्ट क्रिकेट में 100 के निजी स्कोर पर आउट हुए। वहीं भारतीय सलामी बल्लेबाज के तौर पर टेस्ट में सबसे ज्यादा बार फिफ्टी से अधिक की पारियां खेलने के मामले में अब राहुल चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं।
भारत के लिए सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस पारियां
- सुनील गावस्कर - 75 फिफ्टी प्लस रनों की पारियां
- वीरेंद्र सहवाग - 51 फिफ्टी प्लस रनों की पारियां
- गौतम गंभीर - 31 फिफ्टी प्लस रनों की पारियां
- केएल राहुल - 28 फिफ्टी प्लस रनों की पारियां
- मुरली विजय - 27 फिफ्टी प्लस रनों की पारियां
धोनी-किरमानी की कतार में पंत, 100 टेस्ट छक्कों से बस तीन कदम दूर
पहले दिन नंबर-3 पर बल्लेबाजी के लिए उतरे साई सुदर्शन के साथ राहुल ने 81 रनों की साझेदारी निभाई। दिन के अंतिम सत्र में मैदान पर आए विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत भारत की ओर से 50 या उससे अधिक टेस्ट खेलने वाले एमएस धोनी और सैयद किरमानी के बाद तीसरे विकेटकीपर बन गए हैं।
दिन का खेल खत्म होने तक पंत 50 रन बनाकर नाबाद थे और इस दौरान वह तीन छक्के भी जड़ चुके थे। ऐसे में अगर वह दूसरे दिन तीन और छक्के लगाने में सफल होते हैं तो टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के पूरे करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे।
https://www.indiatv.in/sports/cricket/ind-vs-afg-indian-team-scored-4th-most-runs-on-the-1st-day-of-a-test-kl-rahul-equaled-rohit-sharma-test-century-record-2026-06-06-1223458