मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में एक निजी अस्पताल के आईसीयू में लगी भीषण आग ने सात मरीजों की जान ले ली थी। इस दर्दनाक हादसे के बाद हरकत में आए प्रशासन ने नियमों की अनदेखी करने वाले 13 प्राइवेट नर्सिंग होम पर ताला जड़ दिया है। अधिकारियों के अनुसार, जिले में 13 निजी नर्सिंग होम और स्वास्थ्य संस्थानों को निर्धारित स्वास्थ्य एवं लाइसेंसिंग मानकों का उल्लंघन करने के आरोप में सील किया गया है। यह कार्रवाई एक विशेष निरीक्षण अभियान के तहत अंजाम दी गई।
कुल 13 चिकित्सा संस्थान सील
उप-मंडल अधिकारी (पूर्वी) तुषार कुमार ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा, "हमें सूचना मिली थी कि कई अस्पताल, खासकर श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (SKMCH) के आसपास के अस्पताल, सरकार द्वारा तय किए गए सुरक्षा मानकों के मुताबिक नहीं चल रहे हैं। इसी आधार पर हमने शुक्रवार को एक निजी अस्पताल और आज 12 अस्पतालों को सील किया।" उन्होंने बताया कि ऐसे अस्पतालों की जांच के लिए एक मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारियों तथा अग्निशमन सेवा और सिविल सर्जन कार्यालय के प्रतिनिधियों को मिलाकर तीन टीमें बनाई गई हैं। उनके मुताबिक जिला प्रशासन निरीक्षण की यह प्रक्रिया आगे भी जारी रखेगा और यह तय करेगा कि मुजफ्फरपुर में कोई भी अस्पताल तय सुरक्षा मानदंडों का उल्लंघन करते हुए न चले।
मानकों और नियमों का पालन जरूरी
मुजफ्फरपुर के सिविल सर्जन अजय कुमार ने कहा, "स्वास्थ्य संस्थानों को तय मानकों और नियमों का कड़ाई से पालन करना ही होगा। मरीजों के जीवन और स्वास्थ्य से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।" जिला जनसंपर्क अधिकारी प्रमोद कुमार के अनुसार, निरीक्षण के दौरान कई संस्थान अनिवार्य सरकारी मानदंडों, लाइसेंसिंग शर्तों और क्लिनिकल प्रतिष्ठानों से जुड़े प्रावधानों पर खरे नहीं उतरे। उन्होंने बताया कि कुछ संस्थान जरूरी दस्तावेज पेश नहीं कर सके, जबकि कुछ अन्य में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में अनियमितताएं सामने आईं।
आईसीयू की आग में गई थी सात मरीजों की जान
इससे पहले उस निजी अस्पताल का रजिस्ट्रेशन भी निलंबित किया जा चुका है, जहां आग की घटना में आईसीयू के सात मरीजों की मौत हुई थी। अधिकारियों ने बताया कि सिविल सर्जन ने अस्पताल प्रबंधन को सात दिनों के भीतर जरूरी रिकॉर्ड और सबूतों के साथ तथ्यात्मक स्पष्टीकरण सौंपने का निर्देश दिया है। मुजफ्फरपुर के एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने शुक्रवार को जानकारी दी कि इस अग्निकांड के सिलसिले में अस्पताल के तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है।
https://www.indiatv.in/bihar/13-private-nursing-homes-sealed-after-hospital-icu-fire-tragedy-in-muzaffarpur-2026-06-06-1223465