तृणमूल कांग्रेस के सांसद और पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान ने उस दावे को पूरी तरह नकार दिया है, जिसमें कहा जा रहा था कि पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उनसे अपनी लोकसभा सीट छोड़ने को कहा था। पठान ने स्पष्ट किया कि बहरामपुर लोकसभा सीट से इस्तीफे को लेकर ममता बनर्जी से उनकी कोई बातचीत नहीं हुई है और सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही यह खबर पूरी तरह बेबुनियाद है।
'किसी ने मुझसे इस्तीफा देने को नहीं कहा'
यूसुफ पठान ने अपनी बात रखते हुए कहा, "एक खबर वायरल की जा रही है कि ममता बनर्जी ने मुझसे बहरामपुर लोकसभा सीट से इस्तीफा देने के लिए कहा, ताकि वे वहां से चुनाव लड़ सकें। लेकिन ममता बनर्जी ने मुझसे कभी ऐसी कोई बात नहीं की। यह दावा गलत है।"
मुझे ममता बनर्जी या पार्टी के किसी भी नेता ने सांसद पद से इस्तीफा देने को नहीं कहा है: यूसुफ पठान
सोशल मीडिया पर क्या कहा जा रहा था
उल्लेखनीय है कि ममता बनर्जी इस समय राज्य या केंद्र के किसी भी सदन की सदस्य नहीं हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में उन्होंने भवानीपुर सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन कांटे की टक्कर में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसी पृष्ठभूमि में सोशल मीडिया पर यह दावा चलाया जा रहा था कि ममता बनर्जी ने सौरव गांगुली के माध्यम से यूसुफ पठान तक यह संदेश पहुंचाया कि वे बहरामपुर से इस्तीफा दे दें, जिससे ममता खुद वहां से चुनाव लड़कर संसद पहुंच सकें। बताया गया कि पठान ने इससे इनकार कर दिया। हालांकि यूसुफ और सौरव गांगुली दोनों ही इस दावे को खारिज कर चुके हैं।
सौरव गांगुली ने भी किया खंडन
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने भी इसी दिन एक पत्र जारी कर स्थिति साफ की। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने उनसे कभी भी यूसुफ पठान को अपनी ओर से कोई संदेश पहुंचाने के लिए नहीं कहा, फिर चाहे वह इस्तीफे से जुड़ा हो या नहीं, जैसा कि आरोप लगाया जा रहा है। गांगुली ने स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी भी यूसुफ पठान से ऐसी किसी अपील या संदेश को लेकर संपर्क नहीं किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि तथ्यों की सच्चाई जाने बिना अफवाहों और अटकलों पर भरोसा न करें।
https://www.indiatv.in/india/politics/yusuf-pathan-denies-resignation-rumours-mamata-banerjee-baharampur-lok-sabha-seat-2026-06-06-1223462