हरिद्वार के सर्वानंद घाट के पास एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहां देहरादून से दिल्ली की ओर जा रही एक निजी बस में सफर के दौरान अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग लगते ही बस में बैठे लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही पलों में पूरी बस आग का गोला बन गई।
बस में सवार थे 35 से 40 तीर्थयात्री
बताया जा रहा है कि इस बस में चारधाम यात्रा पर निकले 35 से 40 तीर्थयात्री सवार थे। आग की लपटें उठते ही सभी यात्रियों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बस से कूदकर अपनी जान बचा ली। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ।
मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह डीजल का लीक होना बताई जा रही है।
एक हफ्ते में दूसरी घटना
उल्लेखनीय है कि हरिद्वार में महज एक हफ्ते के भीतर बस में आग लगने की यह दूसरी घटना है, जिसने एक बार फिर सवारी वाहनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
https://www.indiatv.in/india/national/haridwar-accident-near-sarvananda-ghat-a-private-bus-travelling-from-dehradun-to-delhi-caught-fire-carrying-35-to-40-pilgrims-2026-06-06-1223466