रूसी हमले में बड़ी तबाही
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने हाल ही में रूस द्वारा किए गए भीषण हवाई हमलों को लेकर दुखद जानकारी साझा की है। जेलेंस्की के मुताबिक, रूस की ओर से रात भर चलाए गए इन हमलों में कुल 12 लोगों की जान चली गई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि मारे गए लोगों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। इस हमले में दर्जनों अन्य लोग घायल हुए हैं। जेलेंस्की ने उन सभी परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है।
कीव और आसपास के क्षेत्रों का हाल
हमले की विभीषिका के बारे में विस्तार से बताते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि प्रभावित शहरों में राहत और बचाव कार्य कल रात से ही युद्धस्तर पर जारी हैं। केवल कीव और उसके आसपास के क्षेत्रों में बचाव कार्य के लिए लगभग 350 बचावकर्मी तैनात किए गए हैं। रूसी सेना ने इन हमलों में बड़ी संख्या में जेट-पावर्ड ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया है। दुर्भाग्यवश, इन हमलों में रिहायशी इमारतों और आम नागरिकों के बुनियादी ढांचे को काफी नुकसान पहुंचा है। बोरिस्पिल में पांच मंजिला एक रिहायशी इमारत हमले की चपेट में आ गई, जहां से 50 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके अलावा, स्थानीय व्यावसायिक केंद्रों को भी निशाना बनाया गया। केवल इस एक शहर में 4 लोगों की मौत हुई है और 13 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
गाइडेड एरियल बम और ड्रोन का प्रहार
जेलेंस्की ने बताया कि कल शाम से ही ओडेसा और उसके आसपास के इलाकों को गाइडेड एरियल बम और ड्रोन हमलों का सामना करना पड़ रहा है। इन हमलों के कारण हजारों परिवार बिजली संकट से जूझ रहे हैं और प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम जारी है। रूस ने रोमानिया सीमा क्रॉसिंग और एक्सपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर को जानबूझकर नुकसान पहुंचाया है। इसके अतिरिक्त, कीव स्थित रेलवे डिपो पर हुए हमले में 7 लोगों की मौत हो गई। साथ ही, खेरसॉन, डोनेट्स्क, ज़ापोरिज्जिया, खार्किव, चेर्निहाइव, ज़ाइटॉमिर, सुमी और निप्रो जैसे इलाकों पर भी रूस ने हमले किए हैं।
आम नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने रूस पर आम नागरिकों को जानबूझकर अपना निशाना बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि रूस की रणनीति ही ऐसी है कि वह अधिक से अधिक नागरिकों को नुकसान पहुंचा सके। उन्होंने कहा कि रूस तभी अपने इन मंसूबों में सफल हो पाता है जब एयर डिफेंस क्षमताएं कमज़ोर होती हैं। जेलेंस्की ने उन देशों का आभार जताया जो PURL और द्विपक्षीय सप्लाई के जरिए यूक्रेन को एंटी-बैलिस्टिक क्षमताएं हासिल करने में मदद कर रहे हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से आह्वान किया कि इस मदद को और बढ़ाया जाए, क्योंकि रूसी हमलों के पीड़ितों की संख्या सीधे तौर पर मिलने वाली सैन्य मदद पर निर्भर करती है। उन्होंने यूक्रेन की सुरक्षा को मजबूत बनाने में सहयोग करने वाले हर व्यक्ति का धन्यवाद किया है।
https://www.indiatv.in/world/europe/volodymyr-zelenskyy-says-one-indian-citizen-among-12-people-killed-in-russian-aerial-assault-2026-09-01-1240632