पटना एयरपोर्ट पर फ्लाइट लेट? सिर्फ 2 घंटे में देख आएं ये नजदीकी ठिकाने, खानपान से शॉपिंग तक सब पास

पटना एयरपोर्ट पर फ्लाइट में देरी हो तो इंतजार के घंटे बेकार न जाने दें। आसपास के मंदिर, म्यूजियम, पार्क, चिड़ियाघर, बाजार और फूड स्पॉट पर कम समय में घूमकर पटना की संस्कृति और स्वाद का अनुभव लिया जा सकता है।

पटना एयरपोर्ट पर अगर आपकी फ्लाइट लेट हो जाए और हाथ में एक-दो घंटे का अतिरिक्त समय बच जाए, तो उसे टर्मिनल की कुर्सियों पर बैठकर गुजारने की जरूरत नहीं है। एयरपोर्ट के आसपास कई ऐसी जगहें हैं, जहां थोड़े ही समय में घूमकर आप शहर के इतिहास, संस्कृति और जायके से रूबरू हो सकते हैं। मंदिर, म्यूजियम और फूड स्टॉल तक—यहां हर तरह के विकल्प मौजूद हैं।

बिहार म्यूजियम — इतिहास और कला का खजाना

एयरपोर्ट से करीब 4 किलोमीटर की दूरी पर मौजूद बिहार म्यूजियम अपनी आधुनिक बनावट और ऐतिहासिक धरोहरों के लिए मशहूर है। यहां राज्य के प्राचीन इतिहास, कला, संस्कृति और सभ्यता से जुड़ी दुर्लभ वस्तुएं संजोकर रखी गई हैं। कम समय में बिहार की विरासत को नजदीक से समझने के लिए यह बेहतरीन ठिकाना है। यहां आकर आप इस कदर खो जाएंगे कि समय कब बीत गया, पता ही नहीं चलेगा।

इको पार्क — हरियाली और सुकून का पता

अगर खुले और हरे-भरे माहौल में थोड़ा वक्त बिताना चाहते हैं तो इको पार्क अच्छा विकल्प है। एयरपोर्ट से इसकी दूरी भी करीब 4 किलोमीटर है। यहां बोटिंग, वॉकिंग ट्रैक और मनमोहक लैंडस्केप लोगों को लुभाते हैं। रोज गार्डन और चारों ओर फैली हरियाली इसे परिवार के साथ आने वालों के लिए खास बना देती है।

पटना जू — वन्यजीवों के बीच कुछ पल

एयरपोर्ट से लगभग 4 से 5 किलोमीटर की दूरी पर पटना जू स्थित है, जिसे शहर के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में गिना जाता है। करीब 153 एकड़ में फैले इस जैविक उद्यान में बाघ, शेर, तेंदुआ, हाथी, गैंडा, हिरण, मगरमच्छ और कई दुर्लभ पक्षियों की प्रजातियां देखी जा सकती हैं। फ्लाइट में कुछ घंटों की देरी हो तो परिवार या दोस्तों के साथ यहां प्रकृति और वन्यजीवों के बीच अच्छा समय बिताया जा सकता है। पटना आने वाले पर्यटकों की सूची में यह जगह हमेशा सबसे ऊपर रहती है।

पंचरूपी हनुमान मंदिर — आस्था का प्रमुख केंद्र

एयरपोर्ट से कुछ ही दूरी पर बना पंचरूपी हनुमान मंदिर श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का केंद्र है। यह मंदिर कई वजहों से खास है—यहां भगवान हनुमान पांच अलग-अलग रूपों में विराजमान हैं। करीब 150 साल से भी अधिक पुराने इस ऐतिहासिक मंदिर में 25 फीट ऊंची दक्षिणमुखी हनुमान जी की भव्य प्रतिमा स्थापित है। माना जाता है कि बिहार में इतनी बड़ी हनुमान प्रतिमा की पूजा और कहीं नहीं होती। यहां दर्शन से सिद्धि, समृद्धि और शत्रुओं पर विजय की मान्यता है।

राजाबाजार — शॉपिंग और खानपान का बाजार

एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही सीधी सड़क आपको राजाबाजार तक पहुंचा देगी। नेहरू पथ फ्लाईओवर के नीचे कई किलोमीटर तक फैला यह बाजार राजधानी के सबसे व्यस्त और चर्चित बाजारों में से एक है। यहां कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स, घरेलू सामान, किताबें और खानपान की ढेरों दुकानें हैं। सड़क किनारे मिलने वाले स्थानीय व्यंजनों से लेकर आधुनिक कैफे और रेस्टोरेंट तक सब कुछ यहां मौजूद है। अगर खरीदारी का मन हो तो यहां जरूर आजमा सकते हैं।

हज भवन का फूड स्टॉल — पटना का असली स्वाद

पटना जंक्शन से कुछ ही दूरी पर हज भवन के बगल में पीली त्रिपाल के नीचे एक बेहद मशहूर फूड स्टॉल लगता है। यहां लिट्टी, समोसा, गुलाबजामुन, रसगुल्ला, जलेबी और चंद्रकला मिलती है। दूर-दूर से लोग यहां खाने के लिए पहुंचते हैं और सुबह से लेकर देर रात तक भीड़ जुटी रहती है। ऑफिस जाने वाले हों या आम लोग—सभी यहां के जायके के दीवाने हैं। अगर आपके पास फ्लाइट से पहले समय हो तो यहां आकर पटना का स्वाद चख सकते हैं।

https://hindi.news18.com/photogallery/bihar/patna-flight-delayed-at-patna-airport-visit-bihar-museum-eco-park-patna-zoo-raja-bazar-nearby-local18-ws-l-10546365.html