एकतरफा प्यार में सनकी आशिक ने नाबालिग पर बरसाई कुल्हाड़ी, गले में फंदा डाल छत से लटकाया; आए 60 टांके

मध्य प्रदेश के शिवपुरी में एकतरफा आशिक ने एक नाबालिग लड़की पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसके गले में फंदा बांधकर छत से लटका दिया और 12 फीट नीचे पटक दिया। गंभीर रूप से घायल पीड़िता को 60 टांके आए और उसे ग्वालियर रेफर किया गया है।

मध्य प्रदेश के शिवपुरी से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एकतरफा प्यार में पागल एक युवक ने एक नाबालिग लड़की पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए आरोपी ने खून से लथपथ लड़की के गले में फंदा बांधा, उसे छत से लटका दिया और फिर 12 फीट नीचे पटक दिया। गंभीर हालत में पहुंची पीड़िता को 60 टांके लगाने पड़े हैं और उसे बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया है।

पांच नामजद आरोपियों पर FIR

घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। इस मामले में कुल पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। आसपास के घरों में रहने वाले लोगों ने इस वारदात का वीडियो भी बना लिया था, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

इंसाफ की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे लोग

इस वारदात के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश देखा गया। ग्रामीण और स्थानीय लोग आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए सड़कों पर उतर आए और प्रदर्शन किया। उन्होंने सड़क जाम कर अपना विरोध दर्ज कराया। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं समाज में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

एकतरफा प्यार में नाबालिग पर जानलेवा हमला

पिछोर के एसडीओपी प्रशांत शर्मा के मुताबिक, खोड़ चौकी क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका पर जानलेवा हमले की बेहद गंभीर घटना सामने आई है। पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्परता से कार्रवाई की और मुख्य आरोपी धर्मेंद्र परिहार तथा उसके पिता अजब सिंह परिहार को तुरंत हिरासत में ले लिया।

इस मामले में कुल पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और ग्रामीणों की मांग पर प्रशासन नियमानुसार सख्त कदम उठा रहा है।

दोषियों को सजा दिलाने का भरोसा

एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने कहा कि घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और अदालत से उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलवाई जाएगी। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

https://www.indiatv.in/madhya-pradesh/shivpuri-minor-girl-attacked-with-axe-one-sided-love-story-mp-news-2026-06-06-1223456