अंबाला में सफाई व्यवस्था ठप, कूड़ा सड़कों पर फेंकने से मचा हड़कंप

हरियाणा के अंबाला में पिछले 25 दिनों से सफाई कर्मियों का धरना जारी है, जिसके चलते अब कूड़ा सड़कों पर फेंका जा रहा है।

सड़कों पर पसरी गंदगी और गुस्सा

अंबाला में सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन अब आम लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन चुका है। पिछले 25 दिनों से लगातार चल रहे इस धरने के कारण शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। आलम यह है कि सफाई कर्मचारी ही सड़कों पर कचरा फैला रहे हैं, जिससे शहरवासी काफी परेशान हैं।

क्यों भड़के कर्मचारी

कर्मचारी नेताओं के अनुसार, सरकार के साथ हुई वार्ता में उनकी 22 में से 17 मांगों पर सहमति बन गई थी। हालांकि, इन मांगों को अभी तक धरातल पर लागू नहीं किया गया है। कर्मचारी नेता शंकर पामा ने बताया कि सोमवार को अपनी अनदेखी से नाराज होकर कर्मचारियों ने शहर की मुख्य सड़कों पर कूड़ा डाल दिया। इस दौरान उन्होंने इस व्यवस्था से प्रभावित होने वाले नागरिकों से माफी भी मांगी है।

नगर निगम की कड़ी चेतावनी

शंकर पामा ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक यह आंदोलन इसी तरह जारी रहेगा। दूसरी ओर नगर निगम प्रशासन ने भी सख्त रुख अपनाया है। निगम के अधिकारियों का कहना है कि यदि कोई भी नियमित या रोल वाला कर्मचारी शहर में गंदगी फैलाने जैसी गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सर्विस रूल्स के तहत कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

https://hindi.news18.com/news/haryana/ambala-why-sanitation-system-collapses-garbage-across-roads-local18-10796491.html