मुठभेड़ में खत्म हुआ दरिंदा
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक अत्यंत दुखद और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 6 साल की मासूम बच्ची के साथ रेप और उसकी निर्मम हत्या के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। यह कार्रवाई घटना के 24 घंटे के भीतर अंजाम दी गई है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने इलाके में फैली दहशत और गुस्से को शांत करने का काम किया है।
टिड्डी पार्क के पास हुई मुठभेड़
मिली जानकारी के अनुसार, यह पुलिस मुठभेड़ ईको टेक 3 थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले टिड्डी पार्क के पास हुई। इस दौरान हुई फायरिंग में नोएडा पुलिस का एक कांस्टेबल भी घायल हुआ है, जिसे उपचार दिया जा रहा है। मुठभेड़ के बाद आरोपी बलराज को गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी से हुआ खुलासा
यह पूरा मामला ग्रेटर नोएडा के हल्दोनी इलाके का है। शनिवार की सुबह जब मासूम बच्ची की हत्या की खबर फैली, तो पूरे क्षेत्र में कोहराम मच गया। पुलिस ने जांच शुरू की तो 2 सीसीटीवी फुटेज सामने आए, जिसने इस बर्बर घटना की परतें खोल दीं। फुटेज में बच्ची अपने ही पड़ोसी के साथ जाती हुई स्पष्ट देखी जा सकती थी। जांच में यह सामने आया कि आरोपी पड़ोसी ने बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर बुलाया और वहां गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
शव को ठिकाने लगाने की कोशिश
आरोपी की दरिंदगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दूसरे सीसीटीवी फुटेज में वह बच्ची के शव को एक बोरी में भरकर ठिकाने लगाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। इस दृश्य ने स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया था। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी बलराज की तलाश तेज की और कुछ ही घंटों के भीतर उसे मुठभेड में मार गिराया। इस घटना ने एक बार फिर से सुरक्षा व्यवस्था और महिलाओं व बच्चियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जबकि पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए त्वरित न्याय सुनिश्चित करने का प्रयास किया है।
https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/greater-noida-6-year-old-girl-murderer-balraj-encounter-ecotech-3-society-up-police-local18-10791459.html