नकली पुलिस अफसर बनकर चला रहा था नशे का धंधा
केरल के कोझिकोड से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। स्थानीय पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को सलाखों के पीछे भेज दिया है जो खुद को पुलिस का सब-इंस्पेक्टर बताकर नशा तस्करों को चूना लगा रहा था। आरोपी का काम करने का तरीका इतना शातिर था कि वह पहले तस्करों से मादक पदार्थ जब्त करता था और फिर उसी सामान को बाजार में अन्य सप्लायर्स को बेचकर मोटा मुनाफा कमाता था। इस मामले ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है।
रोजित की करतूतों का ऐसे हुआ खुलासा
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपी की पहचान रोजित के तौर पर हुई है, जो फेरोक के पास चुंगम कल्लीथोड का रहने वाला है। कोझिकोड सिटी के कई इलाकों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि एक व्यक्ति खुद को पुलिस का सब-इंस्पेक्टर बताकर युवाओं से जबरन वसूली कर रहा है। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डिस्ट्रिक्ट एंटी-नारकोटिक्स स्पेशल एक्शन फोर्स यानी DANSAF ने मामले की छानबीन शुरू की।
ज्वाइंट ऑपरेशन में चढ़ा पुलिस के हत्थे
सूचना मिलने के बाद DANSAF की टीम ने फेरोक पुलिस के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान चलाया। बीते गुरुवार की रात को रमनट्टुकारा के वैद्यरंगडी इलाके से पुलिस ने जाल बिछाकर रोजित को धर दबोचा। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी बड़े ही शातिर तरीके से खुद को DANSAF का अधिकारी बताकर विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी करता था।
जब्त नशे को ही बना लिया कमाई का जरिया
पूछताछ में यह बात सामने आई है कि रोजित छापेमारी के दौरान अवैध नशा, विशेषकर MDMA जब्त करता था। हालांकि, वह इस सामान को सरकारी रिकॉर्ड में दिखाने के बजाय उसे अन्य तस्करों या खरीदारों को बेच देता था। इतना ही नहीं, जिन लोगों से वह नशा जब्त करता था, उनसे वह अवैध रूप से पैसे भी वसूलता था। गिरफ्तारी के समय उसके पास से 2.5 ग्राम MDMA बरामद किया गया है। पुलिस का मानना है कि उसने कोझिकोड के कई इलाकों में बड़े पैमाने पर मादक पदार्थों की बिक्री की है।
पुलिस वर्दी की तस्वीरें और फर्जी आईडी बरामद
पुलिस की तलाशी में आरोपी के पास से पुलिस का फर्जी पहचान पत्र, हथकड़ी, एक एयर पिस्टल और पुलिस की वर्दी पहने हुए पासपोर्ट साइज तस्वीरें मिली हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि उसके बैंक खातों में लेनदेन का ब्योरा क्या है और उसके किन-किन तस्करों से संबंध रहे हैं। गौरतलब है कि इससे पहले दिल्ली के गोविंदपुरी में भी नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई थी, जिसमें भारी मात्रा में कोकीन और MDMA के साथ एक विदेशी नागरिक को पकड़ा गया था।
https://www.indiatv.in/india/national/kerala-kozhikode-fake-sub-inspector-seized-mdma-and-sold-to-suppliers-2026-08-28-1239941