मणिपुर के कांगपोकपी में उग्रवादियों का तांडव, चार लोगों की मौत, एक लापता

मणिपुर के कांगपोकपी जिले में उग्रवादियों ने एक वाहन को अपना निशाना बनाया, जिसमें चार लोगों की जान चली गई। वहीं राज्य में सुरक्षा बलों ने वसूली और अपहरण में शामिल पांच उग्रवादियों को भी पकड़ा है।

कांगपोकपी जिले में घात लगाकर किया गया हमला

मणिपुर में हिंसा का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। कांगपोकपी जिले में उग्रवादियों ने एक वाहन को निशाना बनाते हुए घात लगाकर हमला किया है। इस दुखद घटना में 4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, हमले के बाद एक अन्य व्यक्ति के लापता होने की जानकारी मिली है, जिसकी तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है।

वसूली और अपहरण के मामले में पांच उग्रवादी गिरफ्तार

एक अन्य महत्वपूर्ण कार्रवाई में, मणिपुर की पुलिस ने राज्य की इंफाल घाटी के विभिन्न जिलों से कुल 5 उग्रवादियों को धर दबोचा है। इन पर जबरन वसूली, लोगों को डराने-धमकाने और अपहरण जैसी गंभीर वारदातों में शामिल होने का आरोप है। इनके साथ ही एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बुधवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए सभी उग्रवादी प्रतिबंधित संगठन यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी ऑफ कांगलेइपाक यानी UPPK से जुड़े हुए हैं। इन्हें मंगलवार को बिष्णुपुर, इंफाल पूर्व और इंफाल पश्चिम जिलों में अलग-अलग स्थानों से पकड़ा गया। पकड़े गए आरोपियों में 51 वर्षीय पी. कोइरेंग सिंह भी शामिल है, जिसे इंफाल पश्चिम के कोइरेंगई फॉरेस्ट गेट से गिरफ्तार किया गया। हैरानी की बात यह है कि आरोपी सिंह राज्य के वन विभाग में माली के पद पर तैनात है।

भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद

पुलिस के अनुसार, इन उग्रवादियों के पास से UPPK के कुल 23 लेटरहेड भी जब्त किए गए हैं। पूछताछ में उन्होंने अपहरण और जबरन वसूली की घटनाओं में अपनी संलिप्तता कबूल की है। इसके अतिरिक्त, कांगपोकपी के ताफोउ कुकी और सेनापति जिले के ताफोउ लियांगमई में सुरक्षा बलों ने एक विशेष घेराबंदी एवं तलाशी अभियान चलाया।

इस संयुक्त अभियान को मणिपुर पुलिस और CRPF ने मंगलवार को अंजाम दिया। तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों ने बड़ी संख्या में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए हैं, जिसमें 2 एसबीबीएल बंदूकें, 12-बोर के 78 कारतूस, और एके-47 व .22 बंदूक के कारतूसों के खाली खोखे शामिल हैं। इस दौरान ताफोउ कुकी में 2 और ताफोउ लियांगमई में 1 बंकर को भी पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया है।

https://www.indiatv.in/india/national/major-attack-by-militants-in-manipur-kangpokpi-many-dead-and-missing-2026-08-27-1239776