सीतापुर: गर्भवती प्रेमिका को शादी की जिद पर उतारा मौत के घाट, जंगल में मिला कंकाल

सीतापुर की लापता बीएससी छात्रा मानसी का कंकाल लखनऊ के बख्शी का तालाब क्षेत्र के जंगल से बरामद हुआ। तीन माह की गर्भवती छात्रा पर शादी का दबाव बनाने से नाराज प्रेमी शिवम ने गला दबाकर हत्या की बात कबूल की है।

यूपी के सीतापुर से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। संदना थाना क्षेत्र की रहने वाली बीएससी की छात्रा मानसी संदिग्ध हालात में लापता हो गई थी, जिसका कंकाल बीते शनिवार को लखनऊ के बख्शी का तालाब क्षेत्र के एक जंगल से बरामद किया गया। पुलिस ने यह कंकाल मानसी के प्रेमी शिवम की निशानदेही पर खोज निकाला। परिजनों ने कपड़ों और चप्पल के आधार पर इसे अपनी बेटी मानसी का होने की पुष्टि की। मानसी तीन माह की गर्भवती थी। आरोपी शिवम ने भी पूछताछ में स्वीकार किया कि शादी का दबाव बनाए जाने पर उसने मानसी की गला दबाकर हत्या कर दी।

इंसाफ के लिए पिता को करना पड़ा धरना-प्रदर्शन

मानसी के पिता ने संदना थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि यदि पुलिस ने समय रहते कार्रवाई की होती तो शायद उनकी बेटी की जान बचाई जा सकती थी। पिता का यह भी आरोप है कि न्याय पाने के लिए उन्हें धरना-प्रदर्शन तक का सहारा लेना पड़ा।

एक महिला की भूमिका की भी पड़ताल

इस हत्याकांड में एक महिला के शामिल होने की आशंका भी जताई जा रही है। वह महिला कौन है, यह अब जांच का विषय बना हुआ है। लखनऊ से लेकर सीतापुर तक पुलिस ने मानसी हत्याकांड से जुड़े हर पहलू की जांच शुरू कर दी है।

25 जून को संदिग्ध हालात में लापता हुई थी छात्रा

संदना थाना क्षेत्र की निवासी मानसी 25 जून को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। वह बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी और उस दिन प्रैक्टिकल परीक्षा देने के लिए कॉलेज गई थी। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने कॉलेज समेत हर जगह उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

परिजनों ने लगाया अपहरण का आरोप

इसके बाद परिजनों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और शिवम नामक युवक पर बेटी को अगवा कर ले जाने का आरोप लगाया। आरोप के बावजूद पुलिस ने कोई कदम नहीं उठाया। मानसी के लापता होने के नौ दिन बाद परिजनों ने न्याय की मांग को लेकर गांव में स्थित अंबेडकर पार्क में धरना-प्रदर्शन किया।

दूसरी बार की पूछताछ में टूटा आरोपी

पुलिस ने शुरुआत में शिवम को हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन सबूत न मिलने पर उसे छोड़ दिया गया। मामले में बढ़ते दबाव के बीच पुलिस ने एक बार फिर शिवम को हिरासत में लिया और कड़ाई से पूछताछ की। इस बार पुलिस के सख्त रवैये के आगे शिवम टूट गया और उसने मानसी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।

बख्शी का तालाब के जंगल से बरामद हुआ शव

बीते शनिवार को संदना पुलिस आरोपी शिवम को लेकर लखनऊ के बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र के किसान पथ पर स्थित जंगल में पहुंची, जहां शिवम उस जगह तक ले गया जहां उसने वारदात को अंजाम दिया था। यहीं से पुलिस ने एक कंकाल बरामद किया।

गर्भवती होने के बाद शादी का दबाव

परिजनों ने चप्पल और कपड़ों के आधार पर कंकाल की पहचान अपनी बेटी मानसी के रूप में की। पोस्टमार्टम में सामने आया कि मानसी तीन माह की गर्भवती थी। आरोपी शिवम ने बताया कि गर्भवती होने के बाद मानसी लगातार शादी का दबाव बना रही थी और इसी वजह से उसे रास्ते से हटाने के लिए उसने हत्या कर दी।

जंगल में ले जाकर दी वारदात को अंजाम

घटना वाले दिन शिवम ने शादी का झांसा देकर मानसी को कॉलेज बुलाया और लखनऊ से आकर उसे अपने साथ ले गया। आते समय वह अपना मोबाइल लखनऊ में ही छोड़ आया था और इसके बाद मानसी को जंगल में ले जाकर उसकी हत्या कर दी।

आरोपी से पुलिस की मुठभेड़

सीतापुर के संदना थाना क्षेत्र की गर्भवती युवती की लखनऊ में हुई हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। संदना पुलिस और मुख्य आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस की पिस्टल छीनने की कोशिश

पुलिस के मुताबिक, शनिवार दोपहर घटना से जुड़े साक्ष्य बरामद करने के लिए टीम आरोपी को साथ लेकर ग्राम रामपुर मढ़िया के पास पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी ने शौच जाने का बहाना बनाकर पुलिस की पिस्टल छीन ली और भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया।

25 मई को मोटरसाइकिल से ले गया था लखनऊ

घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पूछताछ में आरोपी ने अपनी प्रेमिका मानसी की हत्या करना कबूल किया। पुलिस के अनुसार आरोपी और युवती के बीच प्रेम संबंध था और युवती करीब तीन माह की गर्भवती थी। आरोपी ने बताया कि 25 मई 2026 को वह मानसी को मोटरसाइकिल से सिधौली से लेकर लखनऊ के बख्शी का तालाब क्षेत्र में किसान पथ के पास एक सुनसान जगह पर गया था।

शादी और साथ रहने को लेकर हुआ विवाद

वहां शादी और साथ रहने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान आरोपी ने कथित रूप से गला दबाकर युवती की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार पहचान और सबूत मिटाने के मकसद से उसने शव के गले पर सीमेंट का पिलर रख दिया और मौके से फरार हो गया।

एएसपी दक्षिणी दुर्गेश सिंह ने बताया कि साक्ष्य जुटाने के दौरान आरोपी शिवम ने पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसे गोली लगी। फिलहाल आरोपी का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

https://www.indiatv.in/uttar-pradesh/sitapur-missing-woman-murder-case-pregnant-girlfriend-killed-by-lover-2026-06-06-1223426