Xiaomi ने चुपके से महंगा किया Pad 8, सभी वेरिएंट्स की कीमत में इजाफा; खरीदने से पहले देखें नया रेट

Xiaomi Pad 8 की कीमत भारत में ₹2,000 बढ़ गई है और अब इसकी शुरुआती कीमत ₹35,999 हो गई है. इस टैबलेट में 11.2 इंच का 3.2K डिस्प्ले, Snapdragon 8s Gen 4 प्रोसेसर, 144Hz रिफ्रेश रेट और 9,200mAh बैटरी दी गई है.

अगर आप Xiaomi Pad 8 खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके काम की है. शाओमी ने बिना किसी घोषणा के भारत में इस टैबलेट की कीमत बढ़ा दी है. कंपनी ने इसके सभी वेरिएंट्स के दाम में ₹2,000 का इजाफा किया है. यह टैबलेट इसी साल मार्च में लॉन्च हुआ था और अब इसे खरीदने के लिए ग्राहकों को पहले से ज्यादा रकम चुकानी होगी.

कौन सा वेरिएंट अब कितने में

नई कीमतों के साथ Xiaomi Pad 8 का 8GB RAM + 128GB स्टोरेज वेरिएंट अब ₹35,999 में उपलब्ध होगा, जबकि लॉन्च के समय इसकी कीमत ₹33,999 थी. इसी तरह 12GB RAM + 256GB स्टोरेज वाला वेरिएंट ₹36,999 से बढ़कर ₹38,999 का हो गया है.

जो ग्राहक शाओमी फोकस पेन प्रो के साथ आने वाला वेरिएंट लेना चाहते हैं, उन्हें अब इसके लिए ₹43,999 चुकाने होंगे, जबकि पहले यह ₹41,999 में मिलता था.

नैनो टेक्चर मॉडल भी हुआ महंगा

नैनो टेक्चर डिस्प्ले वाले मॉडल की कीमत में भी ₹2,000 की बढ़ोतरी की गई है. 12GB + 256GB नैनो टेक्चर वेरिएंट अब ₹40,999 में मिलेगा, जो पहले ₹38,999 में उपलब्ध था. वहीं Focus Pen Pro के साथ आने वाला यही मॉडल अब ₹45,999 का हो गया है.

कीमत क्यों बढ़ी

कंपनी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर नई कीमतें अपडेट कर दी हैं. हालांकि शाओमी ने दाम बढ़ाने की कोई वजह आधिकारिक तौर पर नहीं बताई है, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार कंपोनेंट्स की बढ़ती लागत और ग्लोबल चिप सप्लाई से जुड़ी दिक्कतें इसके पीछे हो सकती हैं. हाल के दिनों में वनप्लस, पोको और लावा जैसी कंपनियां भी अपने कुछ डिवाइसेज की कीमतें बढ़ा चुकी हैं.

फीचर्स और स्पेसिफिकेशंस

स्पेसिफिकेशंस की बात करें तो Xiaomi Pad 8 में 11.2 इंच का 3.2K डिस्प्ले मिलता है, जो 144Hz रिफ्रेश रेट और 800 निट्स पीक ब्राइटनेस को सपोर्ट करता है. नैनो टेक्चर वर्जन में एंटी-ग्लेयर और एंटी-रिफ्लेक्टिव कोटिंग भी दी गई है.

यह टैबलेट Snapdragon 8s Gen 4 प्रोसेसर पर चलता है और इसमें 12GB तक RAM के साथ 256GB तक स्टोरेज मिलती है. फोटोग्राफी के लिए इसमें 13MP का रियर कैमरा और 8MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है.

पावर बैकअप के लिए इसमें 9,200mAh की बड़ी बैटरी है, जो 45W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है. इसके अलावा डॉल्बी अटमॉस सपोर्ट वाले क्वाड स्पीकर्स और शाओमी फोकस पेन प्रो का सपोर्ट भी मौजूद है, जिसके चलते इसका इस्तेमाल लैपटॉप जैसी प्रोडक्टिविटी के लिए किया जा सकता है.

https://hindi.news18.com/news/tech/accessories-xiaomi-pad-8-price-increased-by-2000-rupees-in-india-know-all-variants-new-rate-10544958.html