एशिया कप हॉकी में भारत का जलवा, अंडर-18 फाइनल में जापान को 4-1 से हराकर बने चैंपियन

अंडर-18 पुरुष एशिया कप 2026 के फाइनल में भारतीय टीम ने मेजबान जापान को 4-1 से हराकर गोल्ड मेडल जीता, जबकि महिला टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

भारतीय हॉकी प्रशंसकों के लिए शनिवार 6 जून का दिन खुशियां लेकर आया। पहले महिला टीम ने कोरिया को मात देकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया और इसके बाद पुरुष टीम ने जापान के खिलाफ एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज कर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। अंडर-18 पुरुष एशिया कप 2026 के फाइनल में भारत ने मेजबान जापान को 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया और पूरे देश को जश्न मनाने का मौका दिया।

शुरुआत से ही भारत का दबदबा

फाइनल मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने पहले मिनट से ही आक्रामक रवैया अपनाया। पहले क्वार्टर में टीम ने जापान के खिलाफ 1-0 की बढ़त बना ली। दूसरे क्वार्टर में भारत ने इस अंतर को बढ़ाकर 3-0 कर दिया। भारतीय खिलाड़ियों ने अधिकांश समय गेंद को विरोधी टीम के हाफ में रखा और रक्षण पंक्ति ने जापानी खिलाड़ियों को गोल पोस्ट के नजदीक तक नहीं फटकने दिया।

तीसरे क्वार्टर के बाद स्कोर 4-0 हो चुका था। आखिरी क्वार्टर में जापान केवल एक गोल ही दाग सका, लेकिन तब तक मुकाबला भारत की पकड़ से बाहर जा चुका था। अंततः भारत ने यह मैच 4-1 से जीतकर खिताब पर मुहर लगा दी।

पाकिस्तान को हराकर पहुंचे थे फाइनल में

भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम ने शुक्रवार को खेले गए सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 5-3 से शिकस्त दी थी। मुकाबले के तीसरे क्वार्टर तक भारतीय टीम 2-3 से पिछड़ रही थी। इसके बाद आखिरी 15 मिनट यानी चौथे क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने जबरदस्त आक्रामकता दिखाई और पाकिस्तान पर लगातार दबाव बनाते हुए तीन गोल दाग दिए।

आशीष तानी पुर्ति रहे जीत के नायक

सेमीफाइनल की इस जीत में आशीष तानी पुर्ति स्टार खिलाड़ी साबित हुए। उन्होंने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबले में कुल चार गोल दागे, जिनमें से तीन गोल उन्होंने सबसे निर्णायक आखिरी क्वार्टर में किए।

https://hindi.news18.com/news/sports/others-u-18-men-asia-cup-final-india-beat-japan-wins-gold-medal-women-team-won-bronze-10545775.html