नेपाल में बाढ़ का कहर, लापता लोगों की संख्या बढ़ी
भारत के पड़ोसी देश नेपाल में बुधवार की सुबह अचानक आई विनाशकारी बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। इस प्राकृतिक आपदा के कारण अब तक 16 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। नेपाल पर्यटन बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, रसुवा जिले में आई बाढ़ के बाद कुल 291 विदेशी नागरिक लापता हैं, जिनमें से 105 भारतीय पर्यटक हैं। इसके अतिरिक्त, नेपाल के 93 स्थानीय नागरिक भी लापता बताए जा रहे हैं। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, यह बाढ़ तिब्बत की ओर से अचानक पानी के तेज बहाव के कारण आई है। इस संकट को देखते हुए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने तत्काल प्रभाव से एक आपातकालीन बैठक बुलाई है।
384 यात्रियों के लापता होने की चिंता
नेपाल पर्यटन बोर्ड ने विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे रसुवा स्थित भोटे कोशी नदी में अचानक बाढ़ का पानी बढ़ गया। इसके बाद से पर्यटन बोर्ड, पर्यटक पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियां उन लोगों की तलाश और सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटी हैं जो उस दौरान प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद थे। पर्यटन और यात्रा ऑपरेटरों से मिली शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार, कुल 384 यात्रियों के लापता होने की सूचना है। इसमें 291 विदेशी और 93 नेपाली नागरिक शामिल हैं। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां, स्थानीय अधिकारी और गाइड मिलकर इस जानकारी की पुष्टि करने में लगे हैं।
मदद के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर
आपदा के बीच प्रभावित लोगों और उनके परिवारों की मदद के लिए नेपाल सरकार ने निम्नलिखित हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:
- टोल-फ्री इमरजेंसी नंबर: 1234
- हॉटलाइन नंबर: 1144
- टूरिस्ट पुलिस: 9851289445
बाढ़ से भारी जन-धन की हानि
बुधवार सुबह भोटे कोशी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से आई फ्लैश फ्लड ने रसुवा जिले को बुरी तरह प्रभावित किया है। रसुवा के टिमुरे और स्याब्रुबेसी इलाकों में दर्जनों घर और बाजार पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं। इस आपदा में तीन पुलिस चौकियां पूरी तरह तबाह हो गई हैं और पानी के तेज बहाव में गाड़ियां और अन्य कीमती सामान बह गए हैं। एक पुल भी क्षतिग्रस्त हुआ है और एक हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट पूरी तरह नष्ट हो गया है। रसुवा जिले में ही अब तक 8 लोगों की जान जाने की पुष्टि हुई है। साथ ही 32 पुलिसकर्मियों सहित 25 से ज्यादा श्रद्धालु लापता हैं और कस्टम कार्यालय के 14 कर्मचारी भी संपर्क से बाहर हैं। रसुवा के निकट नुवाकोट में त्रिशूली नदी के किनारे से 3 शव बरामद किए गए हैं।
बचाव कार्य में जुटी नेपाल सेना
तबाही के बाद स्थिति को संभालने के लिए नेपाल सरकार ने सक्रियता बढ़ा दी है। नेपाल सेना ने रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए हेलीकॉप्टरों को रवाना किया है, जो त्रिशूली नदी के आसपास के इलाकों में तलाशी ले रहे हैं। इमरजेंसी मेडिकल रेस्क्यू टीम के साथ एक MI-17 हेलीकॉप्टर भी तैनात किया गया है। रसुवा क्षेत्र में नेपाल सेना, आर्म्ड पुलिस फोर्स और नेपाल पुलिस के जवान दिन-रात जुटे हुए हैं। नेपाल इलेक्ट्रिसिटी अथॉरिटी के अनुसार, उनके 6 बड़े हाइड्रो प्रोजेक्ट्स और ट्रांसमिशन लाइनों को भारी नुकसान पहुंचा है। सुरक्षा के मद्देनजर देश के कई प्रमुख हाईवे को भी फिलहाल बंद कर दिया गया है।
https://www.indiatv.in/world/asia/nepal-flash-flood-at-least-105-indian-tourists-among-291-foreign-nationals-reported-missing-helpline-number-issued-2026-08-26-1239550