'जो उखाड़ना है उखाड़ लो', AICWA की कार्रवाई की मांग पर शिल्पा शिंदे का पलटवार, दे डाला खुला चैलेंज

पुराने यौन उत्पीड़न आरोप को झूठा बताने के बाद घिरीं शिल्पा शिंदे ने माफी मांगने के बजाय सोशल मीडिया पर तीखे अंदाज में जवाब दिया है, जबकि AICWA ने उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

टीवी की मशहूर अभिनेत्री शिल्पा शिंदे एक बार फिर सुर्खियों और विवादों के केंद्र में आ गई हैं। अपने पुराने आरोपों को लेकर दिए गए हालिया बयान के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना झेलनी पड़ रही है। हालांकि बढ़ते विवाद के बीच वे पीछे हटती नहीं दिख रहीं। उन्होंने एक ऐसा वीडियो साझा किया है, जिसे कई लोग आलोचकों और विरोधियों को सीधी चुनौती के रूप में देख रहे हैं, और इसी अंदाज ने पूरी बहस को और गरमा दिया है।

क्या बोलीं शिल्पा, क्यों मचा बवाल

'भाभी जी घर पर हैं' शो में 'अंगूरी भाभी' का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वालीं शिल्पा शिंदे इस समय विवादों के जाल में उलझ गई हैं। हाल ही में एक टॉक शो के दौरान उन्होंने यह स्वीकार किया कि सालों पहले उन्होंने इसी शो के प्रोड्यूसर पर यौन उत्पीड़न का जो आरोप लगाया था, वह पूरी तरह झूठा था। इस चौंकाने वाले खुलासे के बाद मनोरंजन जगत और सोशल मीडिया, दोनों जगह उनकी कड़ी आलोचना हो रही है।

पॉडकास्ट में किया यू-टर्न

दरअसल, कॉमेडियन भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट में पहुंचीं शिल्पा शिंदे ने बताया कि साल 2016 में जब उन्होंने 'भाभी जी घर पर हैं' छोड़ा था, उस समय मेकर्स के साथ उनका कॉन्ट्रैक्ट को लेकर विवाद चल रहा था। उन्होंने दावा किया कि उस वक्त वे इस कदर मजबूर हो गई थीं कि विवाद सुलझाने के लिए प्रोड्यूसर संजय कोहली पर यौन उत्पीड़न का झूठा आरोप लगाने के अलावा उनके पास 'कोई दूसरा रास्ता' नहीं बचा था। उनके इस यू-टर्न ने पूरी टीवी इंडस्ट्री को हैरान कर दिया।

AICWA ने की सख्त कार्रवाई की मांग

ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने शिल्पा के बयान की कड़ी निंदा करते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस मामले में हस्तक्षेप करने और सख्त कदम उठाने की अपील की है। संगठन ने इंस्टाग्राम पर जारी अपने बयान में कहा:

झूठे आरोप लगाने से न सिर्फ आरोपी को नुकसान पहुंचता है, बल्कि असली पीड़ितों की विश्वसनीयता भी प्रभावित होती है। इससे सच्ची शिकायतों पर भी संदेह पैदा होता है और बॉलीवुड व टीवी इंडस्ट्री में असली सर्वाइवर्स की आवाज दब सकती है।

आलोचकों को खुली चुनौती

ट्रोलिंग के बीच शिल्पा शिंदे ने इंस्टाग्राम पर बेहद तीखे अंदाज में पोस्ट किया। एक रील में अपनी तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा- 'एक महिला बनो! हमेशा यह कहने के लिए तैयार रहो कि जो उखाड़ना है उखाड़ लो।' इसके साथ कैप्शन में उन्होंने लिखा- 'जलने वालों जलते रहो, अपना खून किसी जरूरतमंद को मत दो, जला-जला के खत्म कर दो।'

2016 का पूरा मामला

गौरतलब है कि साल 2016 में शो छोड़ते समय शिल्पा शिंदे ने निर्माताओं पर उत्पीड़न, भुगतान न मिलने और खराब कार्य वातावरण जैसे कई आरोप लगाए थे। बाद में यह विवाद आपसी समझौते के जरिए खत्म हो गया था। लेकिन अब सालों बाद उनके नए बयान ने उस पूरे प्रकरण को फिर चर्चा में ला दिया है।

शो में वापसी और मौजूदा हालात

दिलचस्प बात यह है कि साल 2025 में शिल्पा शिंदे की शो में वापसी भी हुई। उन्होंने बताया कि शो के लेखक के कहने पर वे दोबारा इससे जुड़ीं और अब अपनी पूरी टीम के साथ उनकी अच्छी समझ और बेहतर संबंध हैं। फिलहाल उनके बयान और सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर बहस जारी है। एक ओर आलोचक उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, तो दूसरी ओर शिल्पा अपने रुख पर पूरी तरह कायम नजर आ रही हैं।

https://hindi.news18.com/photogallery/entertainment/tv-shilpa-shinde-posted-after-aicwa-demand-for-on-her-action-for-false-sexual-harassment-case-said-jo-ukhadna-hai-ukhad-lo-ws-l-10545421.html