'डायनासोर खत्म हो गए, मगर कॉकरोच बचे रहे', ऋचा चड्ढा ने CJP के पक्ष में रखी बात, सच्चे देशभक्त चुनने की अपील

जंतर-मंतर पर NEET-UG 2026 पेपर लीक के खिलाफ चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को ऋचा चड्ढा और अतुल कुलकर्णी ने समर्थन दिया है। ऋचा ने लोगों से दिखावटी राष्ट्रवाद के बजाय सच्चा देशभक्त बनने का आग्रह किया।

राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रही है। इस आंदोलन को अभिनेत्री ऋचा चड्ढा और अभिनेता अतुल कुलकर्णी जैसे कलाकारों का साथ मिला है। ऋचा ने ज्यादा से ज्यादा लोगों से इस पार्टी के समर्थन में आगे आने की अपील की और साथ ही सच्चे देशभक्त चुनने की बात भी कही। वहीं अतुल कुलकर्णी ने भी सीजेपी का समर्थन करते हुए ईमानदारी से काम करने की इच्छा जताई।

ऋचा चड्ढा का संदेश

ऋचा चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मैं इस वक्त खूबसूरत ऑकलैंड में हूं, जहां शायद दुनिया की सबसे साफ हवा है। लेकिन मेरे दिल और दिमाग में तो दिल्ली ही बसी है। मेरी प्यारी दिल्ली, मेरा बचपन, मेरा स्कूल, मेरा कॉलेज… बड़े-बड़े पार्क और घने, छायादार पेड़… अपने देश के युवाओं को ढेर सारा प्यार भेज रही हूं!”

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए ऋचा ने लिखा, “दुआ करती हूं कि आप दिखावे वाले राष्ट्रवाद की जगह सच्चे देशभक्त बनना चुनें… आप दयालु, शांतिप्रिय और समझदार बनें। मैं हमेशा आपके साथ हूं। नोट: याद रखिए, डायनासोर एक उल्का पिंड के गिरने से खत्म हो गए थे, लेकिन कॉकरोच उनसे भी ज्यादा समय तक जिंदा रहे।”

अतुल कुलकर्णी का बयान

अतुल कुलकर्णी ने भी एक्स पर पोस्ट कर समर्थन जताया। उन्होंने लिखा, “मेरे युवा नागरिकों, कल का दिन बहुत अहम है। आप अपनी आवाज उठाने और अपने हक़ के लिए खड़े होने की तैयारी कर रहे हैं। मेरी पीढ़ी ने, और मुझसे पहले की और बाद की पीढ़ियों ने भी अपनी सभी जिम्मेदारियों को हमेशा ठीक से निभाया हो, ऐसा नहीं हुआ है। हमने गलतियां की हैं। और कई मामलों में, हमने बड़ी-बड़ी चुनौतियां पीछे छोड़ रखी हैं।”

संस्थापक की शांति बनाए रखने की अपील

उल्लेखनीय है कि शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी के हजारों समर्थक पोस्टर और बैनर लेकर जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन में शामिल हुए। इस आंदोलन की अगुवाई सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके कर रहे हैं। संगठन ने दिल्ली पुलिस से अनुमति लेने के बाद ही यह प्रदर्शन किया। प्रदर्शन शुरू होने से पहले दीपके ने अपने समर्थकों से शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने की अपील की और कहा कि वे पुलिसकर्मियों का स्वागत फूलों से करें।

https://hindi.news18.com/news/entertainment/bollywood-richa-chadha-supports-cjp-urges-people-to-choose-true-patriots-says-dinosaurs-died-out-cockroaches-survived-atul-kulkarni-shared-post-10545157.html