हिमाचल प्रदेश: ऊना में श्रद्धालुओं से भरा ट्रक गहरी खाई में गिरा, 50 से अधिक लोग घायल

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जिसमें हरियाणा से आए 50 से ज्यादा श्रद्धालु घायल हो गए।

ऊना में हुआ दर्दनाक सड़क हादसा

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीर निगाह के समीप मंगलवार सुबह एक गंभीर सड़क दुर्घटना हुई है। इस हादसे में 50 से अधिक श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, ये सभी श्रद्धालु हरियाणा के करनाल जिले के इंद्री क्षेत्र के निवासी थे और दर्शन के लिए हिमाचल आए हुए थे।

कैसे हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि हरियाणा के पानीपत, फतेहाबाद और अन्य स्थानों से आए श्रद्धालु अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर पीर निगाह पहुंचे थे। रविवार को यहाँ पहुँचने के बाद उन्होंने मंदिर में माथा टेका और भंडारे का आयोजन भी किया। मंगलवार सुबह जब ये सभी लोग ट्रक में सवार होकर माता नैना देवी के दर्शन के लिए आगे बढ़ रहे थे, तभी पीर निगाह मंदिर से महज 2 किलोमीटर की दूरी पर चालक ने ट्रक पर से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।

अस्पताल में भर्ती

दुर्घटना की सूचना मिलते ही राहत कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल पहुँचाया गया। हालाँकि, कई श्रद्धालुओं की स्थिति काफी नाजुक बनी हुई है, जिसके चलते उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। फिलहाल इस मामले में अभी और अधिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

https://www.indiatv.in/india/national/himachal-pradesh-una-peer-nigaha-darbar-devotees-accident-vehicle-falls-into-ditch-more-than-50-injured-2026-08-25-1239250