समस्तीपुर के 15 वर्षीय आईपीएल स्टार वैभव सूर्यवंशी का भारतीय सीनियर टी-20 टीम में चयन होते ही पूरे इलाके में जश्न का माहौल बन गया है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली इस टीम में जगह बनाने की खबर आते ही समस्तीपुर में मानो दिवाली जैसा नजारा देखने को मिल रहा है।
घर पर जश्न का माहौल
टीम में चयन की सूचना मिलते ही वैभव के घर पर जमकर पटाखे छोड़े जा रहे हैं। परिवार और शुभचिंतकों के बीच मिठाइयां बांटी जा रही हैं और हर कोई इस युवा खिलाड़ी की कामयाबी पर खुशी जता रहा है।
भावुक हुए पिता
एक खास बातचीत में वैभव के पिता संजीव सूर्यवंशी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि यह सफलता उनके बेटे की कड़ी मेहनत का नतीजा है। साथ ही उन्होंने समस्तीपुर से लेकर पटना तक के उन तमाम गुरुओं को हाथ जोड़कर प्रणाम किया, जिनके मार्गदर्शन ने वैभव को इस मुकाम तक पहुंचाया।
वर्ल्ड कप जिताने की उम्मीद
पिता ने भरोसा जताया कि उनका बेटा आगे और मेहनत करेगा और एक दिन देश को वर्ल्ड कप जिताकर हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा करेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल शुरुआत है और वैभव से अभी और भी बड़े कारनामों की उम्मीद है।
https://hindi.news18.com/cricket/ipl-star-vaibhav-sooryavanshi-father-sanjeev-emotional-reaction-on-team-india-selection-in-samastipur-local18-ws-l-10545812.html