'भारत भाग्य विधाता' का पहला रिव्यू सामने आया, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कंगना रनौत को सराहा

12 जून 2026 को रिलीज होने वाली कंगना रनौत की फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' की भुवनेश्वर में हुई स्पेशल स्क्रीनिंग के बाद ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने फिल्म और कंगना की मेहनत की खुलकर तारीफ की।

'इमरजेंसी' के बाद अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत अब 'भारत भाग्य विधाता' के जरिए बड़े पर्दे पर वापसी के लिए तैयार हैं। यह फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी और कंगना ने इसका प्रमोशन पूरे जोश के साथ शुरू कर दिया है। शुक्रवार को वह ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग में भी शामिल हुईं। इस मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भी फिल्म देखी और बाद में इंस्टाग्राम पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। सोशल मीडिया पर इस फिल्म का यही पहला रिव्यू इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है।

मुख्यमंत्री का पहला रिव्यू

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने 'भारत भाग्य विधाता' को लेकर अपनी राय रखते हुए कंगना रनौत की जमकर तारीफ की। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा:

'आज मैं भुवनेश्वर में फिल्म भारत भाग्य विधाता की स्पेशल स्क्रीनिंग में शामिल हुआ। यह फिल्म उन नर्सों के असाधारण साहस और बलिदान को बखूबी दिखाती है, जिन्होंने 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों के दौरान दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डाली थी। कंगना रनौत की यह कोशिश तारीफ के काबिल है, जिन्होंने अपनी कड़ी मेहनत से सिनेमा की दुनिया में एक अलग पहचान बनाई है। सामाजिक महत्व और राष्ट्रवादी सोच का संदेश देने वाली यह फिल्म आज के युवाओं में देशभक्ति और सेवा की भावना जगाने में बहुत मददगार साबित होगी।'

कंगना ने की टैक्स-फ्री करने की अपील

इस स्पेशल स्क्रीनिंग के दौरान कंगना रनौत ने मुख्यमंत्री माझी से 'भारत भाग्य विधाता' को ओडिशा में टैक्स-फ्री करने का अनुरोध किया। फिल्म की कहानी मुंबई में हुए 26/11 के आतंकी हमलों पर आधारित है और इसमें कामा हॉस्पिटल की नर्सों के संघर्ष को दिखाया गया है। इस फिल्म में कंगना एक नर्स की भूमिका निभा रही हैं।

कंगना की आगामी फिल्में

'भारत भाग्य विधाता' के अलावा कंगना की सुपरहिट फिल्म 'क्वीन' का सीक्वल 'क्वीन 2' भी पाइपलाइन में है। हालांकि, अब तक 'क्वीन 2' की शूटिंग और रिलीज को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/bharat-bhhagya-viddhaata-first-review-odisha-cm-mohan-charan-majhi-praise-kangana-ranaut-2026-06-06-1223408