उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पुलिस ने एक ऐसे चालाक ठग को सलाखों के पीछे पहुंचाया है, जो लोगों को 'दो मुंहे सांप' का सब्जबाग दिखाकर लाखों रुपये ऐंठ लेता था। थाना कुतुबशेर पुलिस ने इस आरोपी को गिरफ्तार किया, जो रेड सैंड बोआ नामक दुर्लभ सांप को चमत्कारी औषधि और मोटी कमाई का जरिया बताकर भोले-भाले लोगों को अपने जाल में फंसाता था।
कैसे हुई गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबनी कब्रिस्तान मार्ग पर स्थित पूजा एन्क्लेव के पास से खताखेड़ी निवासी आस मोहम्मद को धर दबोचा।
बरामदगी की लंबी फेहरिस्त
आरोपी की तलाशी में पुलिस के हाथ कई चौंकाने वाली चीजें लगीं। उसके पास से 4.94 लाख रुपये नकद, एक ऑडी क्यू-3 कार, दो रेड सैंड बोआ सांप, मनोरंजन नोटों की 127 गड्डियां, सफेद कागज की 145 गड्डियां और दो फर्जी आधार कार्ड बरामद किए गए।
लाखों में बेचता था सांप
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई राज उगले। उसने स्वीकार किया कि अपनी असली पहचान छिपाने के लिए वह फर्जी आधार कार्ड का सहारा लेता था। अपने साथियों के साथ मिलकर वह दो मुंहे सांपों को दुर्लभ और चमत्कारी बताकर लोगों को लाखों रुपये में बेचता था।
आरोपी ने बताया कि कुछ समय पहले ही उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक सांप को 15 लाख रुपये में बेचा था। इसी सौदे में उसके हिस्से के आए 4.94 लाख रुपये पुलिस ने उससे बरामद कर लिए।
रईस दिखने का दिखावा
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी मनोरंजन नोट और सफेद कागज की गड्डियां जानबूझकर अपने पास रखता था। इनका इस्तेमाल वह लोगों पर रौब जमाने और खुद को धनवान साबित करने के लिए करता था, ताकि शिकार आसानी से उसके झांसे में आ जाएं।
फरार साथियों की तलाश तेज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही उसके फरार साथियों की धरपकड़ के लिए छानबीन भी तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि गिरोह में शामिल बाकी आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/saharanpur-cheating-name-of-two-headed-snake-police-arrested-fraud-duped-them-of-lakhs-rupees-local18-10545731.html