मंडी के गणई में संदिग्ध हालात में वानिकी छात्र की मौत, किराये के कमरे में मिला शव

हिमाचल के मंडी जिले की ग्राम पंचायत गणई में किराये के कमरे में रह रहे वानिकी के अंतिम वर्ष के 25 वर्षीय छात्र देवन ठाकुर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की ग्राम पंचायत गणई में शनिवार सुबह एक युवक की मौत की खबर ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। यह इलाका गोहर उपमंडल के नेहरा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। घटना सामने आते ही आसपास शोक का माहौल पसर गया।

कौन था मृतक

मृतक की शिनाख्त 25 वर्षीय देवन ठाकुर के रूप में हुई है, जो कुलदीप ठाकुर के पुत्र थे। वे जिला कांगड़ा की तहसील पालमपुर के गांव सुंगल के मूल निवासी थे। देवन गोहर (गुड़ाहरी) स्थित औद्योगिकी एवं वानिकी महाविद्यालय थुनाग में अंतिम वर्ष के छात्र थे। पढ़ाई के सिलसिले में वे फरवरी माह से ग्राम पंचायत गणई के एक निजी मकान में किराये पर अकेले रह रहे थे।

ऐसे खुला घटना का राज

शनिवार सुबह देवन की माता ने मकान मालिक को फोन किया और बताया कि उनका बेटा बार-बार की जा रही कॉल का जवाब नहीं दे रहा। उन्होंने मकान मालिक से कमरे में जाकर बेटे की कुशलक्षेम जानने का अनुरोध किया।

जब मकान मालिक ने कमरे का दरवाजा खटखटाया तो भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। दरवाजा अंदर से बंद था। जोर लगाकर हिलाने पर दरवाजा खुल गया और अंदर देवन ठाकुर अपने कमरे में मृत अवस्था में मिले। इसकी सूचना तत्काल गोहर पुलिस को दी गई और परिजनों को भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी दे दी गई।

परिजनों के पहुंचने का इंतजार

सूचना मिलते ही गोहर पुलिस मौके पर पहुंच गई। फिलहाल पुलिस परिजनों के घटनास्थल पर पहुंचने की प्रतीक्षा कर रही है। परिवार के आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई और विस्तृत जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। मौके पर औद्योगिकी एवं वानिकी महाविद्यालय थुनाग, गोहर (गुड़ाहरी) के डीन पीएल शर्मा सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी पहुंच गए।

पुलिस का बयान

पुलिस ने अभी इसे संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मानते हुए जांच आरंभ कर दी है। मौत के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है और असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर किसी तरह की अटकलें लगाना उचित नहीं होगा और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

https://hindi.news18.com/news/himachal-pradesh/mandi-student-suspicious-death-ganai-local18-10545566.html