बिहार विधान परिषद चुनाव में प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद भोजपुरी सिनेमा के 'पावर स्टार' और भाजपा नेता पवन सिंह शनिवार को पहली बार पटना स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचे। जैसे ही वे कार्यालय पहुंचे, मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और पूरे परिसर में उत्साह की लहर दौड़ गई।
नौ सीटों पर सरगर्मी, सूची में सबसे चर्चित नाम पवन सिंह
बिहार विधान परिषद की 9 सीटों पर नियमित चुनाव और 1 सीट पर उपचुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल अपने चरम पर है। 11 जून को नामांकन की अंतिम तिथि से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी, जनता दल यूनाइटेड और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने क्रमशः 4, 4 और 1 प्रत्याशी, यानी कुल 9 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है।
भाजपा की जारी सूची में सबसे पहला और सबसे चर्चित नाम भोजपुरी सिनेमा के 'पावर स्टार' पवन सिंह का रहा। आधिकारिक रूप से पार्टी का उम्मीदवार बनाए जाने के बाद वे पहली बार पटना के प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
गाड़ी से उतरते ही गूंजे समर्थन में नारे
शनिवार को जैसे ही पवन सिंह अपनी गाड़ी से उतरे, उनके समर्थन में नारे गूंजने लगे। उनके कार्यालय आने की खबर मिलते ही सुबह से ही पार्टी कार्यालय के पोर्टिको में बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता एकत्र हो गए थे। भाजपा नेता संतोष सिंह सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उनकी अगवानी के लिए पहले से ही मौजूद थे।
जैसे ही उनकी गाड़ी परिसर में रुकी और वे नीचे उतरे, वहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने गगनभेदी नारों और गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। पवन सिंह ने भी विनम्रता दिखाते हुए हाथ जोड़कर सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया और आगे बढ़ गए।
पैर छूने से रोका, फिर गले लगाया
कार्यालय के भीतर पहुंचकर पवन सिंह सीधे प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के कक्ष में दाखिल हुए। कमरे में प्रवेश करते ही उन्होंने पूरी श्रद्धा के साथ संजय सरावगी के पैर छूकर आशीर्वाद लेने की कोशिश की, लेकिन सरावगी ने बीच में ही उन्हें रोक दिया और आगे बढ़कर बेहद आत्मीयता के साथ गले से लगा लिया।
इस आत्मीय मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच बंद कमरे में काफी देर तक बातचीत हुई, जिसमें आगामी चुनाव की रणनीति और नामांकन को लेकर चर्चा की गई।
'पार्टी मेरी मां, मैं भाजपा परिवार का सच्चा सेवक'
इस मौके पर पवन सिंह ने एक बार फिर पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई। उन्होंने कहा, "संजय सरावगी जी को दिल से प्रणाम है… दिल से धन्यवाद… मैं यही कहूंगा कि पार्टी मेरी मां है… एक बीजेपी परिवार का मैं सच्चा सेवक हूं… आजीवन रहूंगा। सच्चे दिल से… सच्चे मन से मुझे सिर्फ और सिर्फ सेवा करनी है।"
उल्लेखनीय है कि पवन सिंह लंबे समय से भाजपा से जुड़े रहे हैं। हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने काराकाट से निर्दलीय चुनाव लड़ा था, जिससे एनडीए प्रत्याशी उपेंद्र कुशवाहा को नुकसान उठाना पड़ा था। नाराजगी के बावजूद बाद में पार्टी के साथ उनके रिश्ते सामान्य होते चले गए और अब उन्हें उनके इंतजार का फल मिला है। उनके इस बयान को पार्टी में बढ़ती सक्रियता और आगामी चुनाव के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
कार्यालय में उत्सव जैसा माहौल
'पावर स्टार' के पहुंचने से पूरे भाजपा कार्यालय का माहौल बेहद खुशनुमा और उत्सव जैसा हो गया। 2024 के लोकसभा चुनाव में काराकाट सीट से निर्दलीय लड़ने के बाद भाजपा के मंच पर यह उनकी बेहद गरिमामयी और आधिकारिक वापसी थी। उनके इस अंदाज और विनम्रता को देखकर पार्टी के आम कार्यकर्ता खासे उत्साहित नजर आए।
पार्टी के भीतर चर्चा है कि पवन सिंह को उच्च सदन भेजने के फैसले से जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं में नया जोश भर गया है, जिसका सीधा लाभ पार्टी को आने वाले समय में मिलेगा।
https://hindi.news18.com/news/bihar/patna-pawan-singh-reaches-bjp-office-after-mlc-candidature-meets-sanjay-saraogi-local18-ws-n-10545527.html