वायनाड के सरकारी स्कूल में अचानक बीमार पड़े 150 बच्चे, एक शिक्षक भी प्रभावित; सात दिन के लिए स्कूल बंद

केरल के वायनाड जिले के एक सरकारी सहायता प्राप्त स्कूल में करीब 150 बच्चों को बुखार और उल्टी की शिकायत के बाद इलाज के लिए भर्ती कराया गया है, जिनमें से 38 बच्चे अस्पताल में हैं। एहतियात के तौर पर स्कूल में एक सप्ताह की छुट्टी घोषित कर दी गई है।

वायनाड: केरल के वायनाड जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सरकारी सहायता प्राप्त स्कूल के करीब 150 बच्चे एक साथ बीमार पड़ गए। मिली जानकारी के अनुसार कुछ बच्चों में 1 जून से ही बीमारी के लक्षण नजर आने लगे थे। बच्चों को मुख्य रूप से उल्टी और बुखार की शिकायत है, जिसके चलते उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्चों के अलावा एक शिक्षक के भी अस्वस्थ होने की बात कही जा रही है। फिलहाल स्कूल में एक सप्ताह का अवकाश घोषित कर दिया गया है और स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है।

150 छात्रों में दिखी बीमारी

अधिकारियों के अनुसार उत्तरी केरल के वायनाड जिले के कोइलाडी में स्थित मार बेसेलियोस सरकारी सहायता प्राप्त उच्च प्राथमिक विद्यालय में यह घटना सामने आई है। यहां के लगभग 150 छात्र पिछले तीन दिनों से बुखार और उल्टी से जूझ रहे हैं। इन बच्चों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। इनमें से 38 छात्रों की तबीयत लगातार खराब बनी हुई है, जिन्हें बाथरी तालुक अस्पताल में भर्ती किया गया है।

स्कूल में एक सप्ताह का अवकाश

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए जिला चिकित्सा अधिकारी (DMO) ने कहा कि अभी घबराने जैसी कोई बात नहीं है। हालांकि एहतियात बरतते हुए स्कूल में एक सप्ताह की छुट्टी घोषित कर दी गई है। अधिकारी ने बताया कि बच्चों के उपचार के लिए बाथरी तालुक अस्पताल में एक विशेष वार्ड तैयार किया गया है। डीएमओ के मुताबिक छात्रों के अलावा स्कूल के एक शिक्षक को भी शारीरिक तकलीफ हुई है। अस्पताल का दौरा करने वाले पंचायत अधिकारियों ने बताया कि बच्चों की मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति संतोषजनक है।

बीमारी के कारणों की पड़ताल जारी

अधिकारियों का कहना है कि कुछ बच्चों में 1 जून से ही लक्षण उभरने लगे थे, लेकिन उनकी इस परेशानी की असली वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। डॉक्टरों ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों की बीमारी का कारण जानने के लिए नमूने जुटाकर जांच के लिए भेजे हैं। इतनी बड़ी संख्या में बच्चे आखिर क्यों बीमार हुए, इसका पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

https://www.indiatv.in/india/national/150-students-of-aided-school-in-wayanad-fall-ill-one-week-holiday-declared-2026-06-06-1223402