यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए नई समय सारणी
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने साल 2027 में आयोजित होने वाली हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के लिए एक बड़ा कदम उठाते हुए परीक्षा केंद्रों के निर्धारण का संशोधित शेड्यूल जारी कर दिया है। परीक्षाओं की शुचिता, गुणवत्ता और विश्वसनीयता को बरकरार रखने के साथ ही पूरी प्रक्रिया को नकल विहीन बनाने के लिए बोर्ड ने एक खास सॉफ्टवेयर आधारित ऑनलाइन व्यवस्था को अपनाना तय किया है। बोर्ड के सचिव भगवती सिंह की ओर से जारी आधिकारिक निर्देशों के मुताबिक, यह पूरी प्रक्रिया 24 अगस्त 2026 से शुरू होकर 29 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। इस बार परीक्षा केंद्रों के निर्धारण को लेकर पहले जो समय सीमा तय की गई थी, उसमें बदलाव करते हुए संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है।
केंद्र निर्धारण प्रक्रिया का विस्तृत कार्यक्रम
संशोधित समय सारणी के अनुसार, परीक्षा केंद्रों की चयन प्रक्रिया को कई चरणों में विभाजित किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। कार्यक्रम का विवरण इस प्रकार है:
- 24 अगस्त 2026 तक: स्कूलों के प्रधानाचार्य अपनी स्थापना और सुविधाओं से जुड़ी संबंधित जानकारियां यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड करेंगे।
- 3 सितंबर 2026 तक: प्रधानाचार्यों द्वारा दी गई इन जानकारियों का सत्यापन जिलाधिकारी द्वारा गठित तहसील स्तरीय समिति द्वारा किया जाएगा।
- 12 सितंबर 2026 तक: विद्यालयों के भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होगी। इसके बाद तहसील स्तरीय समिति अपनी विस्तृत रिपोर्ट जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) के माध्यम से बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड करेगी।
- 21 सितंबर 2026 तक: उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर परीक्षा केंद्रों का चयन सार्वजनिक किया जाएगा। इसके बाद डीएम की अध्यक्षता में गठित जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति पूरी रिपोर्ट का परीक्षण कर उसे बोर्ड की वेबसाइट पर दर्ज करेगी।
- 23 सितंबर 2026 तक: उन विद्यालयों की सूची डीआईओएस के पोर्टल पर प्रदर्शित की जाएगी, जिन्हें डिबार किया गया है या जिनकी मान्यता समाप्त की जा चुकी है, साथ ही जो विद्यालय परीक्षा के लिए अर्हता पूरी नहीं करते हैं।
आपत्ति दर्ज कराने और निराकरण की प्रक्रिया
बोर्ड ने पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी हितधारकों को आपत्ति दर्ज कराने का अवसर भी दिया है। 28 सितंबर 2026 तक डीआईओएस द्वारा ऑनलाइन चयनित केंद्र निर्धारण सूची को समाचार पत्रों में विज्ञप्ति के माध्यम से प्रकाशित कराया जाएगा। इसके बाद छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य और विद्यालय प्रबंधक अपनी शिकायतें या आपत्तियां ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करा सकेंगे।
इन आपत्तियों के परीक्षण और समाधान के लिए 8 अक्टूबर 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है। डीआईओएस इन आपत्तियों का तार्किक और उचित निराकरण करेंगे। यदि कोई आपत्ति सही पाई जाती है, तो उसे जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति के अनुमोदन के साथ बोर्ड की वेबसाइट पर फिर से अपडेट किया जाएगा।
29 अक्टूबर को आएगी फाइनल लिस्ट
बोर्ड द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 तक जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति के अनुमोदन के साथ विद्यालयों और छात्र आवंटन की सूची वेबसाइट पर अपलोड हो जाएगी। इसके बाद भी, यदि किसी को परीक्षा केंद्रों की दूरी या क्षमता के संबंध में कोई समस्या है, तो वे 22 अक्टूबर 2026 तक अपनी आपत्ति पुनः दर्ज करा सकते हैं।
अंततः, सभी शिकायतों का निपटारा करने के बाद 29 अक्टूबर 2026 को अंतिम रूप से परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी जाएगी। बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने स्पष्ट किया है कि 2027 की बोर्ड परीक्षाओं की संवेदनशीलता और समयबद्धता को देखते हुए शासन द्वारा तय किए गए इन सभी मानकों का सख्ती से पालन किया जाएगा और पूरी कवायद निर्धारित अवधि के भीतर पूरी कर ली जाएगी।
https://hindi.news18.com/news/career/education-up-board-2027-exam-centres-revised-schedule-final-list-october-29-school-verification-10764881.html