FBI ने गैंगस्टर मेजर सिंह को घोषित किया वांछित
अमेरिका की प्रमुख जांच एजेंसी FBI ने पंजाब के एक कुख्यात गैंगस्टर मेजर सिंह को अपनी मोस्ट वांटेड सूची में शामिल किया है। जांच एजेंसी के अनुसार, मेजर सिंह का संबंध जग्गू भगवानपुरिया के उस आपराधिक नेटवर्क से है, जो अपनी जड़ें भारत से बाहर फैला चुका है। यह गिरोह अमेरिका के लॉस एंजिल्स जैसे प्रमुख शहरों में सक्रिय रहकर संगठित अपराधों को अंजाम दे रहा था।
गंभीर धाराओं में दर्ज है मामला
मेजर सिंह पर अमेरिकी कानून के तहत RICO यानी रैकटियर इन्फ्लुएंस्ड एंड करप्ट ऑर्गेनाइजेशंस एक्ट के अंतर्गत आपराधिक साजिश रचने का गंभीर आरोप है। जांच के अनुसार, वह बिना किसी वैध लाइसेंस के घातक हथियारों की खरीद और बिक्री में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। इतना ही नहीं, उस पर नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी और उनकी सप्लाई चेन को संचालित करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
कैलिफोर्निया की अदालत से जारी हुआ वारंट
FBI के आधिकारिक दस्तावेजों के मुताबिक, मेजर सिंह के खिलाफ अमेरिका के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया की संघीय अदालत में कानूनी प्रक्रिया चल रही है। एजेंसी ने उनके खिलाफ 25 जून 2026 को औपचारिक गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। वर्तमान में अमेरिकी एजेंसियां बड़े स्तर पर मेजर सिंह की तलाश में जुटी हुई हैं और आम जनता से उसके संभावित ठिकानों या गतिविधियों के बारे में जानकारी देने की अपील कर रही हैं।
मेजर सिंह का विवरण और पहचान
जांच एजेंसी ने मेजर सिंह को पकड़ने के लिए उसकी पहचान संबंधी विस्तृत विवरण भी जारी किए हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मेजर सिंह की जन्मतिथि 20 जुलाई 1997 है और वह भारतीय नागरिक है। उसकी शारीरिक बनावट की बात करें तो उसकी लंबाई करीब 5 फीट 8 इंच है और उसका वजन लगभग 182 पाउंड बताया गया है। साथ ही उसकी आंखों और बालों का रंग काला है। एफबीआई ने यह जानकारी जनता के बीच इसलिए साझा की है ताकि आरोपी की गिरफ्तारी को जल्द से जल्द सुनिश्चित किया जा सके।
https://www.indiatv.in/india/national/fbi-declares-punjab-gangster-major-singh-wanted-links-to-jaggu-bhagwanpuria-gang-2026-08-19-1238133