पंजाब के नवांशहर से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मां के प्रेमी ने ही उसकी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी की जान ले ली। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की और जांच के बाद गुरविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने नाबालिग की हत्या करने के बाद उसके शव को सूटकेस में बंद किया और फिर उसे जंगल ले जाकर आग के हवाले कर दिया।
नवांशहर पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए बताया कि 16 साल की इस लड़की की हत्या उसकी मां के प्रेमी ने ही की थी।
सीसीटीवी फुटेज से खुली पूरी साजिश
नवांशहर के एसएसपी तुषार गुप्ता ने प्रेस वार्ता में बताया कि मृतका की मां उषा के साथ आरोपी के प्रेम संबंध थे। शुरुआत में लड़की की मां उषा ने पुलिस को शिकायत दी कि उनकी बेटी घर से गायब है और इसके साथ ही उन्होंने एक सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा।
जब पुलिस ने इस फुटेज की जांच की तो उसमें दिख रही लड़की कोई और निकली। इससे पुलिस को शक हुआ और उसने इलाके के दूसरे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की, जिसके बाद पूरे मामले की परतें खुलती चली गईं।
जंगल से बरामद हुआ जला हुआ शव
जांच में सामने आया कि जो युवक लड़की की मां के साथ पुलिस के पास आया था, वही एक मोटरसाइकिल पर सूटकेस बांधकर ले जाते हुए कैमरे में कैद हुआ। पुलिस ने जब उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने पूरी वारदात कबूल कर ली।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने लड़की की हत्या घर के भीतर ही की और फिर शव को जंगल में फेंक दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल पहुंचकर मौके से जली हुई लाश बरामद कर ली।
मां के रिश्ते का विरोध करती थी बेटी
इस मामले में एक और अहम तथ्य सामने आया कि लड़की अपनी मां और आरोपी के इस रिश्ते का विरोध करती थी। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने 29 मई को घर में अकेली मौजूद नाबालिग राधिका की गला घोंटकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को एक सूटकेस में बंद किया और मोटरसाइकिल पर ले जाकर खुरालगढ़ (जिला होशियारपुर) के जंगल में आग लगाकर जलाने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी गुरविंदर सिंह उर्फ गोपा (24 वर्ष) को गिरफ्तार कर अदालत से 4 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
https://www.indiatv.in/crime/nawanshahr-mother-s-lover-murders-16-year-old-girl-hides-body-in-suitcase-takes-to-forest-and-burns-2026-06-06-1223386