बीपीएससी ने शिक्षक भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया
बिहार में सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। बिहार लोक सेवा आयोग यानी बीपीएससी ने TRE-4 के तहत कुल 32,388 शिक्षकों की भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के जरिए कक्षा 1 से लेकर 12वीं तक के शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। काफी समय से अभ्यर्थी इस भर्ती प्रक्रिया का इंतजार कर रहे थे और इसके लिए लगातार मांग भी उठा रहे थे।
आवेदन की तारीखें और STET 2026
आयोग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 से शुरू होकर 30 सितंबर 2026 तक चलेगी। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकेंगे। इस भर्ती की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि STET 2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन करने के लिए पात्र हैं। ऐसे आवेदकों को फॉर्म भरते समय अपने STET 2026 फॉर्म आईडी का उल्लेख करना अनिवार्य होगा।
श्रेणीवार शैक्षणिक योग्यता
विभिन्न कक्षाओं के लिए योग्यता के मानक अलग-अलग निर्धारित किए गए हैं:
- प्राथमिक शिक्षक (कक्षा 1-5): सामान्य वर्ग के लिए 50 प्रतिशत और आरक्षित वर्ग के लिए 45 प्रतिशत अंकों के साथ 12वीं उत्तीर्ण होना चाहिए। साथ ही डीएलएड या बीएलएड की डिग्री आवश्यक है। सीटीईटी या एसटीईटी पेपर-1 पास होना अनिवार्य है।
- मध्य विद्यालय शिक्षक (कक्षा 6-8): संबंधित विषय में ग्रेजुएशन और बीएड की डिग्री जरूरी है। 4 वर्षीय बीए-बीएड या बीएससी-बीएड करने वाले भी आवेदन कर सकते हैं।
- माध्यमिक शिक्षक (कक्षा 9-10): 50 प्रतिशत अंकों के साथ ग्रेजुएशन या पीजी के साथ बीएड डिग्री अनिवार्य है।
- उच्च माध्यमिक शिक्षक (कक्षा 11-12): 55 प्रतिशत अंकों के साथ पीजी और बीएड डिग्री आवश्यक है। साथ ही एसटीईटी पेपर-2 उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।
कक्षाओं के अनुसार रिक्तियों का विवरण
इस भर्ती प्रक्रिया में कुल 32,388 पदों का बंटवारा इस प्रकार किया गया है:
- कक्षा 1 से 5: 3,847 पद
- कक्षा 6 से 8: 8,553 पद
- कक्षा 9 से 10: 3,877 पद
- कक्षा 11 से 12: 16,101 पद
विषयवार रिक्तियों की स्थिति
उच्च माध्यमिक (11-12) के प्रमुख विषय: केमिस्ट्री (3,695), फिजिक्स (1,758), अंग्रेजी (1,321), बॉटनी (1,078), मनोविज्ञान (1,030), उर्दू (877), संस्कृत (746), हिंदी (739) और संगीत (736) पद शामिल हैं।
माध्यमिक (9-10) के प्रमुख विषय: सामाजिक विज्ञान (756), अंग्रेजी (620), उर्दू (600), गणित (570), विज्ञान (463), हिंदी (361) और संस्कृत (322) पद हैं।
मध्य विद्यालय (6-8) के प्रमुख विषय: विज्ञान व गणित (2,188), अंग्रेजी (1,929), संस्कृत (1,225), सामाजिक विज्ञान (1,190), हिंदी (1,026) और उर्दू (935) पद निर्धारित हैं।
प्राथमिक स्तर (1-5) पर सामान्य विषयों के लिए 3,065, उर्दू के लिए 757 और बांग्ला के लिए 25 पद आरक्षित किए गए हैं। अभी तक परीक्षा की आधिकारिक तिथि का शेड्यूल जारी नहीं किया गया है, जिसके लिए अभ्यर्थियों को आयोग की वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी जाती है।
https://hindi.news18.com/news/career/jobs-bpsc-tre-4-bihar-32388-teacher-recruitment-subject-wise-vacancy-eligibility-apply-online-10760910.html