नागपुर में पुलिस अधिकारी ने की खुदकुशी, घर लौटे थे ड्यूटी से और फिर पत्नी ने देखा खौफनाक मंजर

नागपुर में तैनात एक सहायक पुलिस निरीक्षक ने अपने सरकारी आवास में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है, हालांकि अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

सरकारी आवास में खत्म हुई जिंदगी

महाराष्ट्र के नागपुर में पुलिस महकमे को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है। नागपुर पुलिस आयुक्त कार्यालय की अर्ज एवं पीआरओ शाखा में सेवाएं दे रहे 35 वर्षीय सहायक पुलिस निरीक्षक ज्ञानेश्वर झोल ने आत्महत्या कर ली है। उन्होंने नागपुर की पुलिस लाइन टीकली स्थित अपने आधिकारिक सरकारी क्वार्टर में खुद को खत्म कर लिया। इस घटना से पूरे इलाके और पुलिस विभाग में मातम पसर गया है। गिट्टी खदान पुलिस ने इस मामले में पत्नी की शिकायत के आधार पर आकस्मिक मृत्यु का प्रकरण दर्ज किया है और गहन छानबीन शुरू कर दी है।

ड्यूटी से घर आने के बाद हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, शनिवार को ज्ञानेश्वर झोल अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद देर रात लगभग 12 बजे अपने घर पहुंचे थे। घर लौटने के बाद उन्होंने अपने परिवार के साथ भोजन किया, जिसके बाद उनकी पत्नी अपने दोनों बच्चों को सुलाने के लिए दूसरे कमरे में चली गई थीं। कुछ समय बाद जब पत्नी रात करीब 1.30 बजे वापस लौटीं, तो उन्होंने अपने पति को बेडरूम में नहीं पाया।

खोजबीन के दौरान उन्होंने हॉल की ओर देखा तो पाया कि ज्ञानेश्वर एक साड़ी के सहारे लटके हुए थे। पत्नी ने फौरन उस भयावह स्थिति को देख कर साड़ी को काटकर शव को नीचे उतारा और मदद के लिए शोर मचाया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे पड़ोसियों की सहायता से उन्हें फौरन नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसी बीच पुणे से भी एक दुखद घटना सामने आई थी, जहां एक दंपति और उनकी 19 वर्षीय बेटी ने खुदकुशी कर ली थी, उन्होंने मौके पर एक सुसाइड नोट भी छोड़ा था।

जांच में जुटी पुलिस

घटनास्थल पर पुलिस को किसी प्रकार का सुसाइड नोट नहीं मिला है। अधिकारी अब इस बात की तफ्तीश में जुटे हैं कि आखिर किस वजह से ज्ञानेश्वर झोल ने ऐसा घातक कदम उठाया। पुलिस उनके कामकाज के दबाव और पारिवारिक स्थितियों सहित हर संभावित पहलू की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे घटना से पूर्व उनकी गतिविधियों और उनके संपर्क में रहे लोगों के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं। फिलहाल विभाग ने आम लोगों और मीडिया से किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील की है। ज्ञानेश्वर झोल के आकस्मिक निधन से उनके साथी कर्मचारी और अधिकारी गहरे सदमे में हैं।

https://www.indiatv.in/maharashtra/nagpur-cop-commits-suicide-at-home-after-returning-from-duty-2026-08-17-1237750