80वें स्वतंत्रता दिवस पर कब और कैसे देखें प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन, जानिए पूरी जानकारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले से राष्ट्र को संबोधित करेंगे। जानिए आप इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को कहां और कितने बजे देख सकते हैं।

लाल किले से प्रधानमंत्री का विशेष संबोधन

भारत आज अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह के साथ मना रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार 13वीं बार लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराने के बाद देश को संबोधित करेंगे। इस संबोधन में प्रधानमंत्री द्वारा देश की युवा पीढ़ी यानी जेन-Z को आगे बढ़ाने के लिए एक नई दिशा और विजन दिए जाने की उम्मीद है। कार्यक्रम की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लाल किले पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों से आए 5 हजार विशेष अतिथि अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

कार्यक्रम की रूपरेखा

प्रधानमंत्री का राष्ट्र के नाम संबोधन ठीक सुबह 7.30 बजे शुरू होगा। जैसे ही प्रधानमंत्री लाल किले पर ध्वजारोहण करेंगे, 1721 फील्ड बैटरी की तरफ से 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। इसके तुरंत बाद वायुसेना के हेलीकॉप्टर आसमान से फूलों की वर्षा करेंगे। कार्यक्रम के समापन के दौरान पहली बार लगभग 2500 एनसीसी कैडेट और माई भारत के वालंटियर मिलकर वंदे मातरम् का गान करेंगे और राष्ट्रगान प्रस्तुत करेंगे।

लाइव प्रसारण कहां देखें

आप प्रधानमंत्री के इस संबोधन को सरकारी समाचार चैनलों और दूरदर्शन के विभिन्न नेटवर्क पर लाइव देख सकते हैं। इसके अलावा, आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी कार्यक्रम का प्रसारण उपलब्ध रहेगा। सरकार और सूचना प्रसारण मंत्रालय के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर भी इसे लाइव स्ट्रीम किया जाएगा, ताकि देश-विदेश में मौजूद नागरिक आसानी से इस कार्यक्रम से जुड़ सकें।

स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री का संदेश

स्वतंत्रता दिवस की शुरुआत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि यह राष्ट्रीय पर्व हमें उन वीर सेनानियों के अद्भुत साहस और मातृभूमि के प्रति उनके समर्पण की याद दिलाता है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि हमें उनके दिखाए गए आदर्शों को अपनाकर विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में तेजी से काम करना चाहिए।

https://www.indiatv.in/india/national/independence-day-2026-pm-modi-red-fort-speech-when-and-where-to-watch-it-live-2026-08-15-1237407