सोशल मीडिया के जरिए हुआ प्यार और फिर निकाह
पाकिस्तान के सिंध प्रांत से एक बेहद अजीब और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां के पूर्व मंत्री गुलाम रसूल उनार सोशल मीडिया पर एक महिला के प्यार में इस कदर गिरफ्तार हुए कि उन्होंने बिना रूबरू हुए ही शादी का फैसला कर लिया। रजिया अरबाब नाम की महिला के साथ उनका रिश्ता सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुआ था। धीरे-धीरे बातचीत का सिलसिला आगे बढ़ा और जल्द ही यह दोस्ती प्यार में बदल गई। रजिया ने जब मंत्री जी के सामने शादी का प्रस्ताव रखा, तो उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के इसे स्वीकार कर लिया। शादी इतनी जल्दीबाजी में हुई कि गवाहों की मौजूदगी में ऑनलाइन वीडियो कॉल के जरिए ही निकाह की प्रक्रिया पूरी कर ली गई।
मेहर और डिजिटल दुनिया का मायाजाल
इस शादी में गुलाम रसूल उनार ने रजिया को 1,00,000 पाकिस्तानी रुपये की मेहर की रकम भी अदा की थी। दिलचस्प बात यह है कि निकाह तक मंत्री जी ने अपनी होने वाली दुल्हन को केवल मोबाइल स्क्रीन पर या भेजी गई तस्वीरों में ही देखा था। रजिया ने जो तस्वीरें उनार को भेजी थीं, वे बेहद आकर्षक थीं। मंत्री जी को अंदाजा भी नहीं था कि उनकी यह डिजिटल मोहब्बत असलियत में एक बड़ी धोखाधड़ी साबित होने वाली है।
सुहागरात पर लगा 440 वोल्ट का झटका
निकाह की रस्में डिजिटल रूप से पूरी होने के बाद जब गुलाम रसूल उनार अपनी नई-नवेली दुल्हन से पहली बार आमने-सामने मिलने पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। वकील शाहिद उनार ने कराची की सत्र अदालत में सुनवाई के दौरान बताया कि जैसे ही मंत्री जी ने दुल्हन का घूंघट उठाया, उन्हें गहरा सदमा लगा। हकीकत में सामने बैठी महिला उन तस्वीरों से बिल्कुल अलग थी, जिन्हें दिखाकर उन्हें फंसाया गया था।
AI तकनीक से हुआ बड़ा धोखा
पूर्व मंत्री के वकील का दावा है कि रजिया अरबाब ने शादी से पहले मंत्री जी को चकमा देने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI टूल्स का बखूबी इस्तेमाल किया था। रजिया ने AI के जरिए अपनी तस्वीरों में बदलाव कर उन्हें बहुत सुंदर और आकर्षक बना लिया था। उसने चेहरे की झुर्रियों को मिटाने, रंगत निखारने और नैन-नक्श को पूरी तरह बदलने के लिए आधुनिक तकनीकों का सहारा लिया था। सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप के जरिए भेजी गई ये तस्वीरें इतनी सटीक और परफेक्ट थीं कि किसी का भी उन पर भरोसा कर लेना स्वाभाविक था।
तलाक के बाद ब्लैकमेलिंग का दौर
धोखे का एहसास होते ही गुलाम रसूल उनार ने रजिया को तुरंत तलाक दे दिया। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। तलाक के बाद रजिया ने पूर्व मंत्री को परेशान करना और ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। उनार का आरोप है कि रजिया ने सोशल मीडिया पर उनकी मौत की झूठी खबरें और मनगढ़ंत तस्वीरें साझा करना शुरू कर दिया। यही नहीं, रजिया ने उनसे मोटी रकम की मांग की और धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए गए, तो वह उनके निजी वीडियो इंटरनेट पर वायरल कर देगी या उन्हें जान से मार डालेगी।
अदालत पहुंचा मामला
अब यह पूरा मामला कराची की एक सत्र अदालत पहुंच चुका है। पूर्व मंत्री गुलाम रसूल उनार ने अपनी पूर्व पत्नी रजिया अरबाब के खिलाफ 'इलेक्ट्रॉनिक अपराध अधिनियम' के तहत मामला दर्ज करने की गुहार लगाई है। अदालत में अपने वकील के माध्यम से उन्होंने इस पूरे फ्रॉड का विवरण दिया है और महिला की करतूतों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। यह मामला अब पाकिस्तान में सोशल मीडिया के जरिए हो रहे धोखे और AI तकनीक के गलत इस्तेमाल को लेकर एक बड़ी बहस छेड़ रहा है।
https://hindi.news18.com/world/pakistan-former-pakistan-minister-fooled-by-woman-ai-photo-divorces-bride-after-seeing-real-face-on-wedding-night-10750175.html