हॉकी वर्ल्ड कप का रोमांच शुरू
हॉकी वर्ल्ड कप का बिगुल बज चुका है और इस बार टूर्नामेंट का आयोजन बेल्जियम और नीदरलैंड में संयुक्त रूप से किया जा रहा है। 15 अगस्त से शुरू हो रहे इस बड़े टूर्नामेंट में दुनियाभर की नजरें भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों पर टिकी हैं। भारतीय पुरुष टीम को पूल-डी में रखा गया है, जहां उनके साथ इंग्लैंड, वेल्स और पाकिस्तान जैसी टीमें शामिल हैं। टूर्नामेंट में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में 16-16 टीमें खिताब के लिए जोर आजमाइश करेंगी। भारतीय प्रशंसक इस पूरे टूर्नामेंट का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं।
भारत बनाम वेल्स मुकाबला: समय और प्रसारण
भारतीय पुरुष टीम अपने अभियान की शुरुआत 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ करेगी। यह मुकाबला एम्स्टेलवीन स्थित वैगनर हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच का समय भारतीय मानक समय के अनुसार दोपहर 4:30 निर्धारित किया गया है। टीवी पर मैच देखने के लिए प्रशंसक स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क का रुख कर सकते हैं, जबकि डिजिटल माध्यम पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार पर उपलब्ध होगी। आंकड़ों की बात करें तो भारत का पलड़ा वेल्स के खिलाफ हमेशा भारी रहा है। वर्तमान में 15वीं रैंकिंग वाली वेल्स टीम के खिलाफ भारत ने अब तक 4 मुकाबले खेले हैं और उन सभी में जीत हासिल की है। विश्व कप के मंच पर आखिरी बार 2003 में दोनों टीमों का आमना-सामना हुआ था, जिसमें भारत विजयी रहा था।
51 साल के इंतजार को खत्म करने का मिशन
भारतीय हॉकी के लिए यह वर्ल्ड कप ऐतिहासिक हो सकता है, क्योंकि टीम 51 साल से चले आ रहे पदक के सूखे को खत्म करने के लक्ष्य के साथ उतर रही है। आखिरी बार भारत ने 1975 में वर्ल्ड कप पोडियम पर जगह बनाई थी, जब फाइनल में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को मात दी थी। राजगीर में आयोजित 2025 एशिया कप जीतकर विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने वाली भारतीय टीम का मनोबल काफी ऊंचा है। कप्तान हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई में टीम इंडिया शानदार फॉर्म में है। पूल स्टेज में सिर्फ इंग्लैंड ही एकमात्र टीम है जो तीसरे स्थान के साथ भारत से बेहतर रैंकिंग रखती है। वहीं पाकिस्तान 12वें और वेल्स 15वें पायदान पर मौजूद है।
हॉकी वर्ल्ड कप के लिए चुनी गई भारतीय टीम
विश्व कप में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुनी गई टीम इस प्रकार है:
- गोलकीपर: मोहित एचएस, सूरज करकेरा।
- डिफेंडर: जरमनप्रीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित, यशदीप सिवाच।
- मिडफील्डर: राजिंदर सिंह, आदित्य अर्जुन लालगे, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, नीलाकांता शर्मा, विवेक सागर प्रसाद।
- फॉरवर्ड: दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, सुखजीत सिंह, मनदीप सिंह, अभिषेक।
https://www.indiatv.in/sports/other-sports/india-hockey-team-to-kick-off-its-hockey-world-cup-campaign-on-15th-august-when-where-and-how-to-watch-the-match-live-2026-08-14-1237376