क्या आपकी त्वचा के लिए घरेलू नुस्खे सुरक्षित हैं? एक्सपर्ट से जानें चेहरे पर क्या लगाएं और क्या नहीं

चेहरे की खूबसूरती बढ़ाने के लिए घरेलू नुस्खों का इस्तेमाल आम है, लेकिन क्या ये हमेशा सुरक्षित होते हैं? डर्मेटोलॉजिस्ट आंचल पंथ ने विस्तार से बताया है कि त्वचा के लिए किन चीजों का इस्तेमाल फायदेमंद है और किन चीजों से आपको पूरी तरह बचना चाहिए।

त्वचा की देखभाल में घरेलू नुस्खों का सच

सदरियों से ही भारतीय घरों में त्वचा की चमक बढ़ाने और दाग धब्बों से छुटकारा पाने के लिए घरेलू नुस्खों का चलन रहा है। हम अक्सर रसोई में मिलने वाली चीजों को प्राकृतिक और सुरक्षित मानकर चेहरे पर लगा लेते हैं। हालांकि, हर घरेलू उपाय आपकी स्किन के लिए सही हो, यह बिल्कुल जरूरी नहीं है। डर्मेटोलॉजिस्ट आंचल पंथ ने हाल ही में अपने वीडियो के माध्यम से इस विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि गलत घरेलू नुस्खे आपकी त्वचा में गंभीर जलन, एलर्जी और पिंपल्स जैसी समस्याओं को जन्म दे सकते हैं। आइए जानते हैं कि डर्मेटोलॉजिस्ट के नजरिए से कौन से उपाय अपनाना चाहिए और किन चीजों से परहेज करना ही बेहतर है।

चेहरे के लिए कौन से उपाय सुरक्षित और कौन से घातक?

त्वचा की देखभाल के लिए अपनाई जाने वाली कुछ सामान्य चीजों के बारे में विशेषज्ञ की राय यहां दी गई है:

  • आलू का रस: आंखों के नीचे की सूजन और काले घेरों यानी डार्क सर्कल्स के लिए आलू के टुकड़ों का उपयोग एक पुराना तरीका है। आलू का रस लगाने से त्वचा में अस्थायी चमक आ सकती है, लेकिन यह दाग धब्बों को जड़ से खत्म करने का कोई जादुई उपचार नहीं है। इसे आप सीमित दायरे में इस्तेमाल कर सकते हैं क्योंकि यह त्वचा के लिए हानिकारक नहीं है।
  • संतरे के छिलके: टैनिंग हटाने के नाम पर लोग अक्सर संतरे के छिलकों के पाउडर से स्क्रब करते हैं। विशेषज्ञ के अनुसार, इसका उपयोग करने से बचना चाहिए। संतरे के छिलके के कण समान नहीं होते, जिसकी वजह से चेहरे की नाजुक त्वचा पर छोटे कट या खरोंच आ सकती हैं। इसके कारण चेहरे पर जलन होती है और जब ये खरोंच भरती हैं, तो वहां काले निशान छोड़ जाती हैं।
  • तरबूज और गुलाब जल: तरबूज और गुलाब जल का मिश्रण त्वचा को काफी ठंडक प्रदान करता है। आप ठंडे तरबूज को ब्लेंड करके उसमें गुलाब जल मिलाकर कॉटन बॉल की मदद से चेहरे पर लगा सकते हैं। यह मिश्रण त्वचा की जलन को शांत करने और उसे तरोताजा दिखाने में काफी मददगार होता है।
  • नारियल का तेल: अगर आपकी त्वचा रूखी है, तो नारियल का तेल एक बेहतरीन मॉइस्चराइज़र का काम करता है। हालांकि, अगर आपकी त्वचा ऑयली है, तो चेहरे पर इसका इस्तेमाल न करें, क्योंकि यह रोमछिद्रों यानी पोर्स को बंद कर सकता है। यदि आप इसे इस्तेमाल करना ही चाहते हैं, तो केवल वर्जिन कोल्ड-प्रेस्ड नारियल तेल का ही चयन करें।
  • बेकिंग सोडा: कई इंटरनेट नुस्खों में बेकिंग सोडा को त्वचा के लिए रामबाण बताया जाता है, लेकिन इसे चेहरे पर लगाना बहुत नुकसानदेह हो सकता है। यह आपकी त्वचा की सुरक्षा परत को बिगाड़ सकता है, जिससे चेहरे पर घाव और तेज जलन हो सकती है।
  • दही और हल्दी: त्वचा पर प्राकृतिक निखार लाने के लिए यह एक प्रभावी नुस्खा है। दही में मौजूद लैक्टिक एसिड त्वचा की हल्की एक्सफोलिएशन कर देता है, जबकि हल्दी एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर होती है। ध्यान रखें कि हमेशा ऑर्गेनिक हल्दी का ही प्रयोग करें, क्योंकि बाजार में मिलने वाली कृत्रिम रंगों वाली हल्दी त्वचा को नुकसान पहुंचा सकती है।

https://www.indiatv.in/lifestyle/fashion-and-beauty-tips/not-every-home-remedy-is-beneficial-for-the-skin-dermatologist-share-what-to-apply-to-face-and-what-avoid-2026-08-13-1237121