सपनों का सफर बना आखिरी यात्रा
दो पहियों पर सवार होकर देश की खूबसूरत वादियों को देखने का जुनून, आंखों में बस्तर के घने जंगलों और झरनों को निहारने का सपना और दिल में नई मंजिलों को खोजने की ललक लिए मुंबई की रहने वाली रिद्धि ठक्कर घर से निकली थीं। हालांकि, किसी ने सोचा भी नहीं था कि मुंबई से शुरू हुआ उनका यह एडवेंचरस सफर छत्तीसगढ़ के मरकाटोला घाट पर इस तरह दुखद रूप से थम जाएगा। एक सड़क हादसे में रिद्धि ठक्कर की असामयिक मौत ने न केवल उनके परिवार को, बल्कि पूरे राइडिंग कम्युनिटी को गहरे सदमे में डाल दिया है।
छत्तीसगढ़ यात्रा के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रिद्धि ठक्कर करीब 23 बाइकर्स के एक समूह का हिस्सा थीं, जो छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल की सुंदरता को देखने के लिए निकले थे। अपनी बजाज एवेंजर बाइक पर सवार होकर वे नागपुर के रास्ते रायपुर पहुंची थीं। घटना के दिन सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच जब सूरज की पहली किरणें ही निकली थीं, रिद्धि और उनके साथी राइडर्स अपनी यात्रा के लिए आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान समूह के कुछ राइडर्स आगे निकल गए, जबकि रिद्धि कुछ पीछे रह गई थीं। तभी धमतरी जिले में स्थित एनएच-30 के मरकाटोला घाट के समीप पीछे से आए एक अज्ञात ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
टक्कर इतनी भयानक थी कि रिद्धि गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके साथ मौजूद अन्य राइडर्स ने तुरंत मोर्चा संभाला और उन्हें बचाने की हर संभव कोशिश की। डायल-112 की मदद से उन्हें सबसे पहले चारामा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ से उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें धमतरी जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया था और चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी असामयिक मृत्यु से उनके साथ आए साथी और परिजन गहरे शोक में हैं।
सोशल मीडिया पर लोकप्रिय थीं रिद्धि
मुंबई के कांदिवली की रहने वाली रिद्धि ठक्कर सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय थीं। इंस्टाग्राम पर उनका अकाउंट gearglimpse54 के नाम से था, जहां उनके 20,000 से अधिक फॉलोवर्स थे। वह अपनी हर यात्रा की तस्वीरें और वीडियो नियमित रूप से अपने फॉलोवर्स के साथ साझा करती थीं। उनका कंटेंट मुख्य रूप से राइडिंग, लाइफस्टाइल और मोटो-ब्लॉगिंग पर केंद्रित था। इसके अलावा, वह यूट्यूब पर Ridewithridz नाम से एक चैनल भी चलाती थीं, जहां वह अपनी रोड ट्रिप्स के रोमांचक अनुभव साझा किया करती थीं।
महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणा
रिद्धि न केवल एक बाइकर थीं, बल्कि वह समाज में एक मिसाल भी बन रही थीं। वह हमेशा ही महिलाओं को मोटरसाइकिल चलाने और अकेले यात्रा करने के लिए प्रोत्साहित करती थीं। उनका मुख्य उद्देश्य समाज में मौजूद रूढ़ियों को तोड़ना और एक मजबूत राइडिंग कम्युनिटी का निर्माण करना था। अपनी बाइक पर सवार होकर वे जिस तरह से दुनिया को देखने निकलती थीं, वह कई युवा लड़कियों के लिए प्रेरणा का स्रोत था। छत्तीसगढ़ की यह यात्रा उनके लिए एक नया अनुभव होने वाली थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। अब उनकी यादें केवल उनके सोशल मीडिया पोस्ट और उन वीडियो में ही जीवित हैं, जो उन्होंने अपनी यात्राओं के दौरान बनाए थे।
https://hindi.news18.com/news/chhattisgarh/raipur-who-was-riddhi-thakkar-death-in-accident-chhattisgarh-biker-local18-10746924.html