बर्थडे स्पेशल: दीपिका पादुकोण की 14 साल पुरानी फिल्म ने नेहा कक्कड़ को दिलाई स्टारडम तक पहुंच

बॉलीवुड सिंगर नेहा कक्कड़ आज अपना 38वां जन्मदिन मना रही हैं। ऋषिकेष की गलियों से शुरू हुआ उनका सफर साल 2012 की फिल्म 'कॉकटेल' के एक गाने के बाद बुलंदियों तक पहुंचा।

बॉलीवुड की मशहूर सिंगर नेहा कक्कड़ आज अपना 38वां जन्मदिन मना रही हैं। इस खास अवसर पर फिल्मी सितारों से लेकर उनके असंख्य प्रशंसकों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। आज भले ही नेहा गायकी की दुनिया में किसी परिचय की मोहताज न हों, लेकिन उनके लिए हालात हमेशा ऐसे नहीं रहे। आसमान छूती इस कामयाबी तक पहुंचने के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की और जिंदगी के तमाम उतार-चढ़ावों से जूझते हुए संगीत की दुनिया में अपनी जगह बनाई। जन्मदिन के इस मौके पर जानते हैं नेहा के करियर और निजी जीवन से जुड़ी कहानी।

तंगहाली में बीता बचपन और संघर्ष से बदली तकदीर

नेहा का जन्म आज ही के दिन 1988 में ऋषिकेष में हुआ था। उनके माता-पिता यहां किराए के एक कमरे में रहते थे और अपने तीनों बच्चों के साथ गुजर-बसर करते थे। नेहा की बड़ी बहन सोनू कक्कड़ को गायकी का शौक था, जबकि उनके पिता भी भजन गायन में रुचि रखते थे। बड़ी बहन से प्रेरणा लेकर नेहा ने भी गाने का शौक पाला और महज 4 साल की उम्र से ही माता के जगराते गाने लगीं। स्कूल में होने वाली गायन प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने खूब नाम कमाया और अपने पिता के साथ जगरातों में अपनी आवाज देने लगीं। यहां उन्हें थोड़ा-बहुत पैसा तो मिला, मगर वह पहचान नहीं मिल पाई जिसकी वे हकदार थीं। बड़ी होने पर उनके सपनों ने ऊंची उड़ान की मांग की और नेहा मुंबई आ गईं। यहीं से शुरू हुआ वह लंबा संघर्ष, जिसने आगे चलकर उन्हें गायकी की दुनिया का सितारा बना दिया।

16 साल की उम्र में मुंबई में रखा कदम

महज 16 साल की उम्र में नेहा अपने भाई टोनी कक्कड़ के साथ मुंबई पहुंच गईं। यहां करीब 1 साल तक उन्होंने खूब संघर्ष किया, जिसके बाद उन्हें इंडियन आइडल सीजन 2 में गाने का मौका मिला। हालांकि वे यह शो नहीं जीत पाईं, मगर उन्हें सोनू निगम के सामने गाने का अवसर जरूर मिला। इस मंच ने नेहा को आत्मविश्वास दिया और उन्होंने अपना म्यूजिक एल्बम 'नेहाः द रॉकस्टार' तैयार किया। इसके गाने औसतन हिट रहे और इससे उनके करियर को फायदा मिला। इसके बाद साल 2008 में उन्हें फिल्म 'मीराबाई नॉट आउट' (2008) का गाना 'हाय रामा' मिला, जिसे उन्होंने सुखविंदर के साथ गाया। इस गाने ने नेहा को खासी लोकप्रियता दिलाई और संगीत जगत में उनकी आवाज की चर्चा होने लगी।

दीपिका की इस फिल्म ने बनाया सितारा

फिल्मों में गाने से पहले ही नेहा अपनी एक खास पहचान बना चुकी थीं। साल 2009 में प्रीमियर हुए टीवी के सुपरहिट शो 'ना आना इस देश लाडो' के टाइटल सॉन्ग ने भी उन्हें घर-घर में मशहूर कर दिया। लेकिन असली कामयाबी उन्हें दिलाई सैफ अली खान और दीपिका पादुकोण स्टारर फिल्म 'कॉकटेल' ने, जो साल 2012 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म के गाने 'सेकेंड हैंड जवानी' ने लोगों के दिलों को छू लिया और नेहा को संगीत की दुनिया का स्टार बना दिया। इसके बाद नेहा ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और आज वे संगीत जगत की चमकती सितारा हैं। जन्मदिन के मौके पर उनके प्रशंसक सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई दे रहे हैं।

https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/neha-kakkar-birthday-special-how-deepika-padukone-2012-film-cocktail-turned-her-into-a-singing-star-2026-06-06-1223317