पाकिस्तान के पूर्व मंत्री का भारत विरोधी चेहरा उजागर, मंच से आतंकी हाफिज सईद की तारीफ में पढ़े कसीदे

पाकिस्तान के पूर्व मंत्री शेख रशीद अहमद का एक विवादास्पद वीडियो सामने आया है, जिसमें वे लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों के साथ मंच साझा करते हुए भारत को धमकी दे रहे हैं।

आतंकियों के साथ साझा किया मंच

पाकिस्तान के पूर्व मंत्री शेख रशीद अहमद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पड़ोसी देश की मंशा पर फिर से गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस कार्यक्रम में रशीद न केवल लश्कर-ए-तैयबा यानी LeT के आतंकवादियों के साथ एक ही मंच पर नजर आए, बल्कि उन्होंने प्रतिबंधित आतंकी संगठन के सरगना हाफिज सईद की जमकर तारीफ भी की। इस दौरान उन्होंने भारत के खिलाफ जहर उगलते हुए उसे धमकाने का भी प्रयास किया।

हाफिज सईद की गुलामी का किया दावा

वायरल वीडियो में रशीद अहमद यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि वे हाफिज साहब के गुलाम हैं। उन्होंने अपने पुराने दिनों का जिक्र करते हुए दावा किया कि जब वे अमेरिका में थे, तब उनके फोन पर हाफिज सईद का नंबर आया था, जिसके कारण उन्हें वहां से निकाल दिया गया था। रशीद ने भारत को खुली चेतावनी देते हुए कहा कि अगर भारत ने पाकिस्तान की तरफ आंख उठाकर भी देखा, तो अल्लाह उसे बर्बाद कर देगा। उन्होंने आगे दावा किया कि भारत में पाकिस्तान के खिलाफ कुछ भी नहीं होने दिया जाएगा और भारत में न तो कोई पक्षी चहचहाएगा और न ही मंदिरों में घंटियां बजेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे पाकिस्तान और हाफिज सईद के साथ मजबूती से खड़े हैं।

कौन-कौन थे मंच पर मौजूद

जानकारी के अनुसार, इस कार्यक्रम के दौरान रशीद अहमद के साथ मंच पर खालिद मसूद संधू और कारी मुहम्मद याकूब शेख मौजूद थे। खालिद मसूद संधू को LeT का वरिष्ठ कमांडर और पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग यानी PMML का अध्यक्ष माना जाता है। वहीं, कारी मुहम्मद याकूब शेख आतंकी संगठन की केंद्रीय सलाहकार समिति का सदस्य बताया गया है। आपको बता दें कि शेख रशीद अहमद अवामी मुस्लिम लीग के संस्थापक हैं और वे 2020 से 2022 के दौरान इमरान खान की सरकार में गृह मंत्री के पद पर कार्यरत थे। इस घटना ने एक बार फिर पाकिस्तान की आतंकवाद के प्रति नरम रुख वाली नीति को दुनिया के सामने बेनकाब कर दिया है।

https://www.indiatv.in/world/around-the-world/pakistan-dirty-picture-ex-minister-with-terrorists-praises-hafiz-saeed-threatens-india-2026-08-13-1237025