केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को राजधानी दिल्ली में E85 ईंधन की औपचारिक शुरुआत करते हुए देश के पहले E85 फ्यूल स्टेशन का उद्घाटन किया। इसी के साथ देश में 85 प्रतिशत एथनॉल वाले ईंधन की बिक्री भी आधिकारिक रूप से आरंभ हो गई है। उल्लेखनीय है कि E85 ईंधन में 85 प्रतिशत एथनॉल और 15 प्रतिशत पेट्रोल मिला होता है। यह ईंधन E20 की तुलना में लगभग 20 प्रतिशत सस्ता पड़ता है। दिल्ली में फिलहाल E85 की कीमत 82.12 रुपये प्रति लीटर तय की गई है।
हीरो मोटोकॉर्प और मारुति सुजुकी ने उतारी हैं फ्लेक्स फ्यूल गाड़ियां
देश की दो प्रमुख वाहन निर्माता कंपनियों ने हाल ही में फ्लेक्स फ्यूल पर चलने वाले वाहन बाजार में पेश किए हैं। हीरो मोटोकॉर्प ने फ्लेक्स फ्यूल से चलने वाली स्प्लेंडर प्लस और एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल लॉन्च की हैं, जबकि मारुति सुजुकी ने इसी तकनीक पर आधारित वैगनआर को पेश किया है। फ्लेक्स फ्यूल में भी 85 प्रतिशत एथनॉल और 15 प्रतिशत पेट्रोल का मिश्रण होता है।
पूसा रोड पर खुला देश का पहला E85 फ्यूल स्टेशन
दिल्ली के पूसा रोड स्थित E85 फ्यूल स्टेशन का उद्घाटन करने के बाद हरदीप सिंह पुरी ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने स्पष्ट किया कि E85-ब्लेंडेड ईंधन खास तौर पर उन फ्लेक्स फ्यूल वाहनों के लिए तैयार किया गया है, जिनमें इसके अनुकूल इंजन लगे हों। उन्होंने बताया कि यह ईंधन मौजूदा पेट्रोल वाहनों के लिए उपयुक्त नहीं है। मंत्री के अनुसार, E85-कम्पैटिबल वाहनों की दिशा में आगे बढ़ने का काम वाहन निर्माताओं की कड़ी जांच और परीक्षण के आधार पर ही किया जाएगा।
अलग नंबर प्लेट देने पर हो रहा विचार
मंत्री ने कहा कि सरकार यह भी सुनिश्चित करने का प्रयास करेगी कि E85-कम्पैटिबल वाहनों के लिए एक अलग और आसानी से पहचानी जा सकने वाली नंबर प्लेट उपलब्ध हो। उन्होंने आगे कहा, "मुझे उम्मीद है कि कुछ ही हफ्तों के भीतर दिल्ली-एनसीआर और पुणे-मुंबई-नागपुर बेल्ट में हमारे पास 50 से 100 E85 डिस्पेंसिंग स्टेशन उपलब्ध हो जाएंगे।" उन्होंने बताया कि चालू कैलेंडर वर्ष के अंत तक इनकी संख्या बढ़कर 500 आउटलेट और 2027 के अंत तक लगभग 5,000 आउटलेट तक पहुंच जाएगी।
कम कीमत बढ़ा सकती है ग्राहकों की दिलचस्पी
यह कदम सरकार द्वारा हाल ही में E22, E25, E27 और E30 जैसे अधिक एथनॉल मिश्रण वाले ईंधनों के लिए मानक तय किए जाने के बाद उठाया गया है, जिससे देश में वैकल्पिक ईंधन को बड़े पैमाने पर अपनाने का मार्ग खुल गया है। अपनी कम कीमत के कारण E85 अधिक ग्राहकों को अपनी ओर खींच सकता है। हालांकि, इसका लाभ उठाने के लिए ग्राहकों के पास E85-कम्पैटिबल वाहन होना जरूरी है।
https://www.indiatv.in/paisa/business/e85-fuel-containing-85-percent-ethanol-launched-in-delhi-priced-rs-20-lower-than-e20-petrol-2026-06-06-1223341