गोदाम की बदहाली पर सख्त कदम
मुंबई के मालाड इलाके में स्थित ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड के गोदाम पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। विभाग ने कंपनी के गोदाम का फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द करने का फैसला सुनाया है। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई परिसर में पाई गई गंभीर खामियों और अस्वच्छ स्थितियों के चलते की गई है।
निरीक्षण में सामने आई चौकाने वाली हकीकत
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों ने 7 अगस्त 2026 को इस गोदाम का औचक निरीक्षण किया था। जांच के दौरान वहां के हालात बेहद चिंताजनक पाए गए। गोदाम में भारी तादाद में कॉकरोच घूमते हुए मिले, जो खाद्य सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा थे। इसके अलावा, खाद्य पदार्थों को जमीन और जंग लगे हुए रैक पर रखा गया था। कोल्ड स्टोरेज की हालत भी बेहद खराब थी और वहां सफाई का कोई नामो-निशान नहीं था।
नियमों की खुली अनदेखी
निरीक्षण रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने खाद्य सुरक्षा के मानकों को ताक पर रख दिया था। गोदाम में एक्सपायर्ड हो चुके खाद्य उत्पादों का स्टॉक भी पाया गया, साथ ही कुछ पैकेटों के साथ छेड़छाड़ किए जाने के सबूत मिले। वहां कीट और चूहों को रोकने के लिए कोई इंतजाम नहीं थे और कचरा प्रबंधन पूरी तरह से लचर पाया गया। FIFO और FEFO जैसी जरूरी इन्वेंट्री प्रणालियों का भी वहां पालन नहीं हो रहा था। इन गंभीर अनियमितताओं के चलते लाइसेंस क्रमांक 11524010000119 को 27 जुलाई 2026 से अगले आदेश तक के लिए निलंबित कर दिया गया है। अब कंपनी के लिए इस गोदाम से खाद्य कारोबार का संचालन पूरी तरह से प्रतिबंधित है। इस मामले में विस्तृत अपडेट का इंतजार है।
https://www.indiatv.in/maharashtra/fda-action-against-blinkit-warehouse-in-malad-mumbai-food-license-suspended-2026-08-10-1236520