बिहार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की सुरक्षा घटाए जाने के बाद उन्होंने अपने सुरक्षाकर्मियों को वापस भेज दिया था। इसी कड़ी में अब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी अपनी वाई-प्लस (Y+) श्रेणी की सुरक्षा लौटाने का फैसला कर लिया है। सूत्रों के अनुसार, तेजस्वी अब सरकारी सुरक्षा नहीं लेंगे।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का आरोप है कि सम्राट सरकार प्रतिशोध की राजनीति कर रही है, वहीं सरकार का कहना है कि पूरी समीक्षा के बाद ही सुरक्षा में कटौती का निर्णय लिया गया।
राबड़ी आवास पर पसरा रहा सन्नाटा
सुरक्षा लौटाने के फैसले के बाद 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी आवास पर असामान्य स्थिति देखने को मिली। आवास के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मी वर्दी में मौजूद तो रहे, लेकिन वे वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश का इंतजार करते नजर आए। आम दिनों की तुलना में परिसर में हलचल कम रही, हालांकि इस दौरान राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं का आना-जाना जारी रहा।
तेजस्वी ने भी वापस की सुरक्षा
जानकारी के मुताबिक, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने अपने सुरक्षा घेरे में तैनात सुरक्षाकर्मियों को वापस भेज दिया। बताया जा रहा है कि दोनों नेता फिलहाल बिना सरकारी सुरक्षा के रहने की बात कह रहे हैं।
राबड़ी देवी के इस फैसले के कुछ ही समय बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी अपनी वाई-प्लस श्रेणी की सुरक्षा लौटाने का निर्णय लिया। कहा जा रहा है कि दिल्ली से पटना लौटने के बाद वे इस मुद्दे पर विस्तार से अपना पक्ष रख सकते हैं।
सरकार का पक्ष
गृह विभाग के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव का फैसला 4 जून को हुई राज्य सुरक्षा समिति की बैठक की सिफारिशों के आधार पर लिया गया। सरकार का कहना है कि सुरक्षा श्रेणियों की समय-समय पर समीक्षा होती रहती है और उसी के अनुरूप निर्णय लिए जाते हैं। सरकार ने इस पूरे मामले को विशुद्ध प्रशासनिक प्रक्रिया बताया है।
तेजप्रताप यादव की सुरक्षा में भी कटौती
सरकारी आदेश के तहत पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक तेजप्रताप यादव की ‘वाई’ श्रेणी की सुरक्षा वापस ले ली गई है। अब उन्हें पूर्व विधायक होने के नाते एक अंगरक्षक मुहैया कराया जाएगा। हालांकि सांसद मीसा भारती और तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री यादव की सुरक्षा व्यवस्था में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
राजद का सरकार पर हमला
राजद प्रवक्ता शक्ति यादव ने सरकार के फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अब लालू प्रसाद और राबड़ी देवी की सुरक्षा जनता करेगी। उनका आरोप है कि विपक्ष के नेताओं की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि लालू-राबड़ी को कोई नुकसान पहुंचा तो जनता सरकार को कभी माफ नहीं करेगी।
https://hindi.news18.com/news/bihar/patna-tejashwi-yadav-self-also-remove-y-plus-security-after-rabri-devi-lalu-yadav-security-10544536.html