स्टील उद्योग के लिए मशहूर बोकारो जिला अपने सुंदर पर्यटन स्थलों के लिए भी पहचाना जाता है। ऐसी ही एक खूबसूरत जगह है सेक्टर-4 में स्थित जगन्नाथ सरोवर, जहां शांति, सुकून और सुंदरता का अनूठा मेल देखने को मिलता है। जगन्नाथ मंदिर के ठीक सामने बना यह सरोवर अपनी मनमोहक छटा और शांत माहौल की वजह से हर उम्र के लोगों की पसंदीदा जगह माना जाता है। सरोवर के चारों ओर फैली हरियाली, ऊंचे नारियल के पेड़ और पानी में तैरती रंग-बिरंगी मछलियां इसकी खूबसूरती में चार चांद लगा देती हैं।
साल 2003 में हुआ था उद्घाटन
जगन्नाथ सरोवर का उद्घाटन साल 2003 में हुआ था। तभी से यह बोकारो के प्रमुख आकर्षण केंद्रों में शामिल है और यहां हर दिन सुबह व शाम के समय लोगों की अच्छी-खासी भीड़ जुटती है। कोई मॉर्निंग वॉक के बाद यहां बैठकर प्रकृति का आनंद लेता है, तो कोई दिनभर की थकान मिटाने के लिए यहां वक्त बिताता है। सरोवर के चारों ओर बैठने के लिए सीढ़ीनुमा व्यवस्था बनाई गई है, जिससे लोग आराम से बैठकर इसके मनोरम नजारे का लुत्फ उठा सकते हैं।
खोरठा एल्बमों की शूटिंग से बढ़ी पहचान
इस सरोवर पर कई लोकप्रिय खोरठा वीडियो एल्बमों की शूटिंग हो चुकी है। खासकर चर्चित खोरठा गीत ‘ए मोर सोना मोना’ समेत कई वीडियो इसी खूबसूरत लोकेशन पर फिल्माए गए हैं, जिसकी वजह से यह जगह कलाकारों और युवाओं के बीच भी काफी मशहूर है। यहां आने वाले लोग अक्सर रंगीन मछलियों को दाना खिलाते नजर आते हैं। इसके साथ ही फोटोग्राफी, सेल्फी और परिवार के साथ समय बिताने के लिहाज से भी यह स्थान लोगों की पहली पसंद बना हुआ है।
घूमने के लिए परफेक्ट जगह
यहां घूमने आए पर्यटक शुभम ने बताया कि जगन्नाथ सरोवर जिले का सबसे शांत स्थल है, जहां भीड़भाड़ से दूर लोग सुकून के पल बिता सकते हैं। उनके मुताबिक, गर्मियों की शाम में अगर आउटिंग की योजना बना रहे हैं तो यह बेहतरीन विकल्प है। परिवार के साथ आना हो या दोस्तों के साथ, पिकनिक मनानी हो या बस मन बहलाना, यह जगह हर लिहाज से परफेक्ट है। छुट्टियों के दिनों में यहां भीड़ कुछ और बढ़ जाती है।
https://hindi.news18.com/news/jharkhand/bokaro-jagannath-sarovar-best-peaceful-tourist-place-khortha-shooting-local18-ws-l-10544294.html