दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के विभिन्न इलाकों में धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है, जिसके चलते कई राज्यों में बारिश का दौर बना हुआ है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के कई क्षेत्रों में आंधी-तूफान, भारी वर्षा, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है।
इन राज्यों में जमकर बरसेंगे बादल
मौसम विभाग के अनुसार, 6 से 11 जून के बीच केरल, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में व्यापक बारिश की संभावना है। इसके साथ ही उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम तथा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी तेज वर्षा हो सकती है। इस अवधि में 40 से 50 किमी की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी बारिश के आसार जताए गए हैं।
राजस्थान में 70 किमी/घंटा तक चल सकती है हवा
6 जून को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुज़फ़्फ़राबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कहीं-कहीं आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाओं की आशंका है। आज पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में आंधी-तूफान आ सकता है, जहां कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 70 किमी/घंटा तक दर्ज की जा सकती है। वहीं, 6 से 11 जून के दौरान छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी बारिश होने का अनुमान है।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
राजधानी दिल्ली में आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दोपहर से शाम के बीच हल्की बारिश के साथ आंधी-तूफान या बिजली कड़कने और 40 से 50 किमी/घंटा की तेज हवाएं चलने की संभावना है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 35°C से 37°C और न्यूनतम तापमान 24°C से 26°C के बीच रहने की उम्मीद है।
दिल्ली-एनसीआर में कब दस्तक देगा मानसून
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में मानसून के 25 से 30 जून के बीच पहुंचने की संभावना है। यही समय-सीमा नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और गाज़ियाबाद के साथ-साथ उत्तर भारत के अन्य राज्यों के कुछ हिस्सों के लिए भी बताई गई है। अनुमान है कि मानसून हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के कुछ इलाकों में आगे बढ़ेगा, जबकि हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में यह 30 जून के आसपास पहुंचेगा। इससे पहले इन राज्यों में तेज बारिश की उम्मीद बहुत कम है।
https://www.indiatv.in/india/national/imd-weather-alert-heavy-rainfall-likely-over-kerala-arunachal-pradesh-nagaland-manipur-mizoram-and-other-states-2026-06-06-1223320